Home » हमारे रगों में रचा-बसा है वसुधैव कुटुम्बकम का भाव : नड्डा

हमारे रगों में रचा-बसा है वसुधैव कुटुम्बकम का भाव : नड्डा

by Bhupendra Sahu

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि वैचारिक पृष्ठभूमि के अंतर्गत हर भारतीय के रगों में वसुधैव कुटुम्बकम् की भाव रचा बसा है। भारत इन दिनों सम्पूर्ण विश्व में एक पृथ्वी, एक परिवार एवं एक भविष्य की दिशा में मानवता के लिए कार्य कर रहा है। भारत की सोच विकास को प्राप्त करना है और साथ ही अपनी विरासत को संभाल कर रखना है। श्री नड्डा, हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित जी-20 की थीम वसुधैव कुटुम्बकम् विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यानमाला को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि श्री नड्डा ने कहा कि पूज्य आचार्यश्री जी जैसे विरले लोग हैं, जिन्होंने करोडों लोगों के जीवन में बदलाव के लिए कार्य किया है। आचार्यश्री के सामाजिक आध्यात्मिक आंदोलन हम बदलेंगे युग बदलेगा जैसे आदर्श वाक्य को अपना कर मैंने जीवन में बहुत कुछ पाया है। श्री नड्डा ने कहा कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में योग, आयुर्वेद आदि विषयों में हो रहे रिचर्स मानवता के विकास की दिशा महत्त्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री ने हम बदलेंगे युग बदलेगा का मंत्र देकर समाज में जो जन जागृति लाने का पुनीत कार्य किया, इसके लिए आने वाली पीढिय़ाँ सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। शांतिकुंज ज्ञान चेतना की गंगोत्री है। उन्होंने कहा कि पूज्य आचार्यश्री ने गायत्री माता व यज्ञ को घर-घर स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुर्नभाषित किया, साथ ही उनके सिद्धांतों पर गायत्री परिवार द्वारा साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य किया जा रहा है, यह अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने जी-20 की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

इससे पूर्व देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि एकता, समता, सुचिता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है। भारतीय इतिहास को हमारे ऋषियों ने संवारा है। उन्होंने कहा कि हम रहें या न रहें, लेकिन देश हमेशा रहेगा, इसलिए देश के गौरव व उत्थान के लिए हर संभव कार्य करना चाहिए।

इससे पूर्व श्री नड्डा व श्रीमती मल्लिका नड्डा आदि ने विवि परिसर में लालचंदन का पौधा रोपे। पश्चात उन्होंने प्रज्ञेश्वर महादेव की पूजा अर्चना की। श्री नड्डा, श्रीमती नड्डा व मुख्यमंत्री ने शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा में अपने सर्वोच्च बलिदान करने वाले सैनिकों की शहादत को नमन किया। पश्चात भारत के प्रथम बाल्टिक सेंटर का अवलोकन किया।
भाजपा अध्यक्ष श्री नड्डा जी, मुख्यमंत्री धामी जी एवं मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिह्न, युगसाहित्य, गंगाजली आदि भेंटकर सम्मानित किया। वियतनामी भाषा में पुस्तक मैं क्या हूं आदि सहित ईन्यूज लेटर रिनांसा, इंटरडिसप्लीनरी जनरल आफ यज्ञ रिचर्स आदि का विमोचन किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष-श्री महेन्द्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी भाजपा-श्री दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद- डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सहप्रभारी-श्रीमती रेखा वर्मा, सांसद- श्री नरेश बंसल, सांसद-डॉ कल्पना सैनी, केबीनेट मंत्री-डॉ. धनसिंह रावत, मंत्री-श्री सौरभ बहुगुणा, विधायक श्री मदन कौशिक, मेयर ऋषिकेश श्रीमती अनिता ममगई सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
इसके पश्चात श्री नड्डा जी सपरिवार गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे और अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या जी एवं श्रद्धेया शैलदीदी से भेंटकर आशीष व मार्गदर्शन प्राप्त किया। पश्चात उन्होंने युगऋषि के पावन समाधि में पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के विकास एवं समृद्धि की कामना की।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More