Home » आशिकी 3 में नहीं बनेगी कार्तिक और फातिमा की जोड़ी, नई अभिनेत्री को किया जाएगा लॉन्च

आशिकी 3 में नहीं बनेगी कार्तिक और फातिमा की जोड़ी, नई अभिनेत्री को किया जाएगा लॉन्च

by Bhupendra Sahu

अनुराग बसु की आशिकी 3 पिछले काफी समय से सुर्खियों में बनी हुई है, जिसमें कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होने की उम्मीद है, लेकिन अभी तक इसकी मुख्य अभिनेत्री का चयन नहीं हुआ है। हालांकि, कई बार अलग-अलग अभिनेत्रियों के इसका हिस्सा बनने की खबरें सामने आती रहती हैं। बीते दिनों फातिमा सना शेख का नाम सामने आया था तो अब नई अभिनेत्री को लॉन्च करने पर विचार किया जा रहा है।

हाल ही में द नाइट मैनेजर के प्रमोशन के दौरान आदित्य रॉय कपूर ने कार्तिक और फातिमा के आशिकी 3 में नजर आने का जिक्र किया था।
बातचीत के दौरान जब आशिकी के निर्माता मुकेश भट्ट से आशिकी 3 में फातिमा के होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ इनकार किया। उन्होंने कहा, नहीं, यह वह अभिनेत्री नहीं है, जिसका आप उल्लेख कर रहे हैं। मुझे नहीं पता कि यह बात कहां से आई।

भट्ट ने कहा, हर कोई जानता है कि हमने फिल्म के लिए कार्तिक को चुना है। मुख्य अभिनेत्री की तलाश स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद ही होगी। बिना पटकथा तय किए कोई फिल्म कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा, मेरे लिए स्क्रिप्ट पहले आती है और फिर उसकी कास्ट। साथ ही आशिकी सीरीज के लिए संगीत भी बहुत जरूरी है। गानों ने पहले दोनों भागों को बुलंदियों तक पहुंचाया है। हम आशिकी 3 में भी वैसा ही संगीत चाहते हैं।

भट्ट ने आगे कहा, हम वास्तव में आशिकी 3 में कार्तिक के साथ एक नई अभिनेत्री की जोड़ी बनाने पर विचार कर रहे हैं। नए चेहरों और संगीत ने आशिकी के पहले दोनों भागों को सफल बनाने में बड़े पैमाने पर काम किया था। उन्होंने कहा, हम फिल्म में किसी नई अभिनेत्री को ही कास्ट करेंगे, लेकिन जैसा मैंने कहा कि हमें कोई जल्दी नहीं है। पहले स्क्रिप्ट पूरी होने दीजिए, उसके बाद ही आगे के काम होंगे।

भट्ट के निर्देशन में बनी आशिकी 1990 में रिलीज हुई थी, जिसमें राहुल रॉय और अनु अग्रवाल मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके बाद 2013 में आदित्य और श्रद्धा कपूर के साथ आशिकी 2 का निर्माण हुआ, जिसके गानों को खासकर लोकप्रियता मिली थी। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के बाद से ही दर्शक आशिकी 3 की मांग कर रहे थे और अब बसु जल्द ही इस फिल्म को बनाने वाले हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More