Home » सरकार बनने पर सागर के भ्रष्टाचारी नेता हमारे टारगेट पर होंगे : कमलनाथ

सरकार बनने पर सागर के भ्रष्टाचारी नेता हमारे टारगेट पर होंगे : कमलनाथ

by Bhupendra Sahu

बीना/ भोपाल। बुंदेलखंड की धरती, वीरों की धरती है और यहां आकर मुझे बेहद खुशी होती है, परंतु साथ ही दुख भी बहुत होता है। आज सागर जिला पूरे मध्यप्रदेश में अन्याय और अत्याचार को लेकर बदनाम है। विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सागर जिले में टारगेट किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने में अब मात्र पांच महीने बचे हैं। उक्त बातें आज पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने बीना में जनसभा को संबोधित करते हुये कहीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता कान खोल कर सुन ले कि पांच महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी।

याद रखना जिन नेताओं ने अत्याचार किया वे कमलनाथ के टारगेट नंबर वन होंगे। इससे पहले कमलनाथ ने बीना सहित बुंदेलखंड की माटी को प्रणाम करते हुए अपने संबोधन की शुरूआत की और कहा कि बीना जंक्शन बुंदेलखंड का प्रवेश द्वार है। बीना की मशहूर राम बारात को मैंने वीडियो में देखा है और मेरी बड़ी इच्छा है कि मैं भी कभी इस राम बारात में शामिल होऊं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा पर गरजते हुए सवाल पूछा कि बीस-पच्चीस सालों से सागर जिले में भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं और आज ये लोग हमसे हिसाब मांगते हैं। मैं तो शिवराज से कहता हूं कि आप अपने और अपने विधायकों का 18-20 वर्षों का हिसाब दे दीजिए, मैं अपने 15 महीने का हिसाब देने के लिए तैयार हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार की युवा विरोधी सोच को उजागर करते हुए, सवाल पूछा कि बीना कि यह रिफाइनरी और हमारा एनटीपीसी बुंदेलखंड में कौन लेकर आया? इस क्षेत्र में यह सब काम कांग्रेस की सरकारों के दौरान हुए हैं, परंतु बहुत दुख की बात है कि सागर जिले के स्थानीय युवाओं को जैसा फायदा होना चाहिए था वैसा नहीं हो पाया। इसका जिम्मेदार कौन है? बस पांच महीने रुकिए हम ऐसे नियम लेकर आने वाले हैं कि चाहे बीना रिफाइनरी हो या एनटीपीसी हो, सबसे पहली प्राथमिकता हमारे बीना और सागर के स्थानीय नौजवानों को मिलेगी।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सिंह की झूठी घोषणा करने की आदत पर तंज करते हुए कहा कि मुझे तो ताज्जुब इस बात का होता है कि बीना को जिला बनाने की पांच बार घोषणा हो चुकी है, जिसमें से 3 बार तो घोषणा स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने की है परंतु आज तक बीना ना तो जिला बन पाया, ना ही विकास के मामले में आगे बढ़ पाया।
मैं शिवराज सिंह चौहान नहीं हूं जो बोलकर भूल जाऊं। कांग्रेस की सरकार बनते ही आप सब की इच्छा के अनुरूप बीना को जिला बनाने का काम करेंगे, आपको वचन देता हूं।
भाजपा के भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि बड़े ताज्जुब की बात है कि बीना में कोविड-19 के दौरान 90 करोड़ रूपये का अस्पताल बनाया गया था, वो अस्पताल आज कहां है? कितने लोगों को उस अस्पताल में इलाज मिला? कितनी जानें बचाई गई? क्या हिसाब है? या सब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया?
श्री कमलनाथ ने कहा कि मैं केंद्र सरकार में मंत्री था, हमने देखा कि बुंदेलखंड कहीं ना कहीं विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है। हमने बुंदेलखंड पैकेज के नाम पर 8000 करोड रुपए दिए थे, कहां गए वह 8000 करोड़? वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। यह किसका पैसा खाया गया? यह आपका पैसा था और आपके अधिकारों का पैसा भाजपा के नेता और उनसे जुड़े हुए अधिकारी हजम कर गए।
इस अवसर पर सागर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद अहिरवार, राजकुमार पचौरी अवनीश भार्गव पूर्व मंत्री हर्ष यादव पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक तर्वर लोधी, विधायक गोपाल चौहान श्रीमती अंजू सिंह बघेल, सुरेन्द्र सुहाने, सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More