Home » यूपी में का बा फेम सिंगर नेहा सिंह को पुलिस ने भेजा नोटिस,नफरत फैलाने के आरोप

यूपी में का बा फेम सिंगर नेहा सिंह को पुलिस ने भेजा नोटिस,नफरत फैलाने के आरोप

by Bhupendra Sahu

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था गीत

कानपुर देहात । यूपी में का बा फेम सिंगर नेहा सिंह राठौर को यूपी पुलिस ने नोटिस भेजा है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस ने यूपी में का बा फेम सिंगर नेहा सिंह राठौर को अपने वीडियो के जरिए जनता के बीच नफरत फैलाने के आरोप में नोटिस दिया है।
कानपुर देहात पुलिस की एक टीम मंगलवार रात कानपुर (ग्रामीण) में नेहा सिंह के आवास पर पहुंची और (सीआरपीसी) की धारा 160 के तहत नोटिस दिया। नोटिस में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए नेहा के वीडियो के बारे में कई बिंदुओं पर विवरण मांगा है। पुलिस ने नेहा से पूछा कि क्या वीडियो में वही है, और यदि हां, तो क्या वीडियो उसने ही अपलोड किए थे। पुलिस ने यह भी पूछा है कि जिस यूट्यूब चैनल और ट्विटर अकाउंट से वीडियो शेयर किया गया वह उसका है या नहीं।
पुलिस ने यह भी पूछा है कि क्या वीडियो के बोल उन्होंने खुद लिखे हैं और अगर हां, तो क्या वह उन पर कायम हैं। और अगर गीत के बोल उन्होंने नहीं लिखे हैं तो क्या लिखने वाले ने उनकी इजाजत ली थी। इस नोटिस को लेकर पुलिस ने नेहा से तीन दिन में जवाब मांगा है। अगर पुलिस को नेहा की ओर से जवाब नहीं मिलता है तो फिर आगे की कार्रवाई करते हुए उन पर केस दर्ज किया जा सकता है।
नेहा ने जारी किया था 1 मिनट 9 सेकंड का वीडियो
दरअसल, कानपुर देहात जिले की मैथा ब्लॉक के मड़ौली गांव में 13 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के दौरान मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रशासन की इस लापरवाही पर बुलडोजर पर सवाल उठने लगे। कांड के बाद ही नेहा सिंह राठौर ने यूपी में का बा सीजन 2 शीर्षक से एक गीत गाया। 1 मिनट 9 सेकेंड के इस गीत में उन्होंने सरकार की बुलडोजर नीति को कटघरे में खड़ा किया। यह गीत सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि थाना अकबरपुर में लिखित और मौखिक शिकायत मिली है। इसमें कहा गया है कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर नेहा सिंह राठौर नाम की महिला ने अपलोड किया है। इससे समाज में वैमनस्यता और भेदभाव की स्थिति पैदा हुई है। इस पर संज्ञान लेते हुए अकबरपुर थाना प्रभारी ने नेहा सिंह राठौर को 160 सीआरपीसी का नोटिस भेजा है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
———————————————————–
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More