रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार को कांग्रेस के विधायकों व कई नेताओं के घर पर ईडी की छापेमारी पर प्रदेश कांग्रेस ने केन्द्र पर हमला बोला है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ईडी की कार्रवाई को भाजपा व केन्द्र सरकार का राजनीतिक स्टंट बताया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार कांग्रेस से ड गई। भाजपा की डर का ही नतीजा है कि आज छत्तीसगढ़ में विधायकों व कांग्रेस नेताओं के यहां छापा पड़ा है। चार दिन बाद कांग्रेस का महाअधिवेशन होने वाला है और भाजपा प्रयास कर रही है कि इसे रोका जाए और यह छापे इसी का नतीजा है।
ईडी कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा पर हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री अमरजीत भगत, मंत्री कवासी लखमा, मंत्री रविन्द्र चौबे आदि भी मौजूद रहे।
अडानी पर जांच क्यों नहीं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि अडानी के शेयर गिर रहे हैं और लाखों करोड़ रूपए एसबीआई व एलआईसी का उसमें लगा है। इसकी जांच क्यों नहीं होती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गौतम आड़ानी के साथ कितनी विदेश यात्राएं की इसकी जानकारी क्यों नहीं देते। लोकसभा में सांसद राहुल गांधी ने सवाल उठाया उसका जवाब आज तक नहीं मिला। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केन्द्र सरकार किसी भी तरह से कांग्रेस नेताओं में डर पैदा करना चाहती है लेकिन वे नहीं जानते यह वो कांग्रेस है जो अंग्रेजों से नहीं डरी तो ईडी आईटी से क्या डरेगी।
सीएम बघेल ने ट्वीट कर दी थी जानकारी
भूपेश बघेल ने सोमवार सुबह ट्वीट कर ED के छापों की जानकारी दी। उन्न्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि- प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई साथियों के घरों पर ED ने छापा मारा है। 4 दिन के बाद रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन है। तैयारियों में लगे साथियों को इस तरह रोककर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। भारत जोड़ो की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है। यह ध्यान भटकाने का प्रयास है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।