Home » वॉरियर फिल्म में विक्की कौशल की एंट्री, साथ आए लक्ष्मण उतेकर और दिनेश विजान

वॉरियर फिल्म में विक्की कौशल की एंट्री, साथ आए लक्ष्मण उतेकर और दिनेश विजान

by Bhupendra Sahu

अभिनेता विक्की कौशल एक के बाद कई फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले हैं। अब एक नई फिल्म के साथ उनका नाम जुड़ गया है। खबरों की मानें तो वह युद्ध पर आधारित एक बड़े बजट की फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म के लिए मशहूर फिल्ममेकर दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर ने हाथ मिलाया है। हालांकि, अभिनेता ने अभी फिल्म साइन नहीं की है और इस प्रोजेक्ट को लेकर उनकी मेकर्स से बातचीत चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, एक वॉरियर फिल्म के लिए विक्की, लक्ष्मण और दिनेश साथ आए हैं। अभी इस फिल्म का शीर्षक निर्धारित नहीं किया गया है और यह एक ऐतिहासिक शख्सियत की बायोपिक हो सकती है। इस फिल्म के लिए विक्की मेकर्स की पहली पसंद हैं। विक्की को फिल्म का कॉन्सेप्ट पसंद आया है और उन्होंने अनौपचारिक तौर पर इसके लिए हामी भर दी है। वह पूरी कहानी जानने के बाद ही फिल्म साइन करेंगे।

अभी फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी जा रही है और अगले कुछ महीनों में यह बनकर तैयार हो जाएगी। सूत्र ने बताया कि बड़े बजट में इसका निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को लेकर एक सूत्र ने कहा, लक्ष्मण लुका छुपी और मिमी जैसी फिल्मों में छोटे शहरों की कहानियां करते-करते ऊब गए हैं। वह अब मुख्यधारा की कमर्शियल फिल्में बनाना चाहते हैं और विक्की के साथ यह वॉरियर फिल्म इस दिशा में उनका पहला प्रयास है।

आधिकारिक तौर पर फिल्म में विक्की के शामिल हो जाने के बाद इसके शेड्यूल के बारे में जानकारी दी जाएगी। ऐसी चर्चा है कि फिल्म की शूटिंग अगले साल के मध्य में शुरू हो पाएगी। विक्की अभी सैम बहादुर की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी रही है। फिल्म इसलिए खास है, क्योंकि इसमें विक्की भारत के महानतम युद्ध नायकों में से एक सैम मानेकशॉ का जीवन पर्दे पर उतारने वाले हैं। इस वॉरियर फिल्म के अलावा लक्ष्मण और दिनेश के साथ विक्की एक और रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में भी काम कर रहे हैं। इसकी कहानी एक शादीशुदा कपल के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो एक छोटे शहर में रहता है। यह फिल्म अगले साल की पहली तिमाही में रिलीज हो सकती है। इसमें विक्की की जोड़ी सारा अली खान के साथ बनी है। लव आजकल के बाद दिनेश के साथ सारा की यह दूसरी फिल्म होगी। उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक में विक्की ने अभिनय और एक्शन से सभी का दिल जीत लिया था। 2019 में आई यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। इसका निर्देशन आदित्य धर ने किया था। युद्ध पर आधारित फिल्म में विक्की काफी फिट बैठते हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More