अल खोर । गत विश्व चैंपियन फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2022 के क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
अल बैत स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में औरेलियन टचोमेनी (17वां मिनट) और ओलिवर गिरोड (78वां मिनट) ने फ्रांस के गोल किये। पराजित टीम का एकमात्र गोल हैरी केन (54वां मिनट) ने जमाया। फ्रांस को शुरुआती बढ़त मिलने के बाद इंग्लैंड ने मौका तलाशना शुरू कर दिया, हालांकि अपनी पहली सफलता के लिये उन्हें दूसरे हाफ तक का इंतजार करना पड़ा। मैच के 54वें मिनट में टचोमेनी ने बुकायो साका को फाउल किया और कप्तान केन ने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इंग्लैंड की खुशी हालांकि ज्यादा देर तक नहीं रही और गिरोड ने बाईं ओर से आये एंटोनी ग्रीज़मैन के क्रॉस पर गोल करके फ्रांस को दोबारा बढ़त की स्थिति में पहुंचाया। आधिकारिक समय खत्म होने से सात मिनट पहले इंग्लैंड को एक और पेनल्टी मिली। पहली पेनल्टी पर गोल करने वाले केन ने एक बार फिर प्रयास किया लेकिन उनका निशाना गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया।
गिरोड के निर्णायक गोल की बदौलत फ्रांस सेमीफाइनल में पहुंच गया और अब वह लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने से दो कदम दूर है। इससे पहले ब्राज़ील (1958, 1962) लगातार दो विश्व कप जीतने का कीर्तिमान रच चुका है।
सेमीफाइनल में फ्रांस का सामना मोरक्को से होगा जो क्वार्टरफाइनल में पुर्तगाल को हराकर आ रहा है।
00