रायपुर । मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने राज्य शासन के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों के भ्रमण, भेंट मुलाकात और विभिन्न विभागीय बैठकों में दिए गए निर्देशों एवं उनके द्वारा की गई घोषणा पर त्वरित अमल सुनिश्चित किया जाए। मुख्य सचिव ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन से मुख्यमंत्री के निर्देशो, घोषणाओं पर हुई प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू भी मौजूद थे। बैठक में प्रदेश के संभागायुक्त एवं कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने बैठक में कहा है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश में खुशहाली और समृद्धि लाने के लिए विभिन्न विभागों के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता में रखा गया है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि योजनाओं का लाभ राज्य के नागरिकों को मिले इसके लिए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिलों में भेंट मुलाकात के दौरान की गई घोषणाओं और दिए निर्देशों पर कलेक्टर स्थानीय स्तर पर तत्काल कार्यवाही करें तथा जो कार्य राज्य स्तर पर किए जा सकते है उसका शीघ्र ही प्रस्ताव बनाकर भेजे। मुख्य सचिव ने संभागायुक्तों को निर्देश दिए है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र के जिलों में कार्ययोजना के तहत मुख्यमंत्री की घोषणाओं और निर्देशों पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके लिए वे कलेक्टरों से लगातार समन्वय करेें। मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव को निर्देश दिए कि प्रदेश की गर्भवती माताओं में एनिमिया की कमी लाने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करें। जिससे महिलाओं में एनीमिया को दूर किया जा सके।