नईदिल्ली। भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 20,139 नए मामले सामने आए और 38 लोगों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,36,89,989 हो गई है। इनमें से 5,25,557 मरीजों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,36,076 हो गई है। एक दिन पहले देश में 16,906 नए मामले सामने आए थे। देश में कई हफ्तों बाद दैनिक मामलों की संख्या 20,000 पार हुई है। कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 16,482 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 4,30,28,356 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.49 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 3,94,774 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 86.81 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 80,10,223 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,48,801 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में शनिवार तक 66,81,317 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 70,186 मरीजों की मौत हुई है। 35,08,526 मामलों और 38,028 मौतों के साथ तमिलनाडु और 39,81,816 मामलों और 40,083 मौतों के साथ कर्नाटक और अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
देश के दैनिक मामलों में उछाल महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में संक्रमण में वृद्धि के कारण देखा जा रहा है। महाराष्ट्र में एक दिन की गिरावट के बाद मामलों में उछाल देखा जा रहा है और बीते दिन यहां 2,575 नए मामले सामने आए। इसी तरह तमिलनाडु में बीते दिन 2,269 नए मामले पकड़ में आए, वहीं केरल में मंगलवार को 3,545 नए लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। कर्नाटक में 1,231 नए मामले सामने आए।
००