- बर्न यूनिट की लागत 3 करोड़ और 2 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है डी-एडिकक्सन यूनिट
- मुख्यमंत्री ने बर्न यूनिट के स्टाफ से कहा- बहुत बढ़िया बना है, इसे मेन्टेन रखना
- बस्तर संभाग के बर्न और नशा पीड़ित मरीजों को मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा
रायपुर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज जगदलपुर के महारानी अस्पताल में बर्न यूनिट और डी-एडिकक्सन यूनिट का लोकार्पण किया। उन्होंने अस्पताल के नवलोकार्पित वार्डों सहित अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड, हमर लैब और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बर्न यूनिट के निरीक्षण के दौरान स्टाफ से कहा- बहुत बढ़िया बना है, इसे मेन्टेन कर के रखना। महारानी अस्पताल में मातृ शिशु स्वास्थ्य संस्थान ‘‘कादम्बिनी’’ के प्रसव पश्चात देखभाल वार्ड में मुख्यमंत्री ने शिशुवती माताओं से भेंट की। उन्होंने माताओं को फलों की टोकरी और बेबी केअर किट भेंट किया । मुख्यमंत्री ने माताओं को शिशु के जन्म पर हार्दिक बधाई और बच्चों की उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अस्पताल में सीसीटीवी सहित सुरक्षा आदि की व्यवस्था के सम्बंध में पूछा और अस्पताल में कैंसर पीड़ित मरीजों के इलाज तथा डॉ खूबचन्द बघेल योजना के तहत लोगों को मिल रहे मुफ्त इलाज की सुविधा के सम्बंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में रोज भर्ती हो रहे मरीजों की संख्या पूछी।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने महारानी अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक और हमर लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ब्लड यूनिट कलेक्शन, डोनेशन क्लब के तहत जरूरतमंद मरीजों को रक्त की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि यहां के ब्लड बैंक से क्रिटिकल मरीजों को सभी ब्लड ग्रुप के ब्लड दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हमर लैब में जांच कराने आये मरीजों से उनका हाल चाल जाना।
मुख्यमंत्री ने महारानी अस्पताल के डीएडिक्शन यूनिट में नशामुक्ति का इलाज करा रहे अजहर से बातचीत की। मुख्यमंत्री को अज़हर ने बताया कि वह मध्य प्रदेश का रहने वाला है और विगत 20 दिनों से यहां इलाज करा रहा है। अज़हर ने बताया उसे मादक पदार्थ सेवन की लत थी, इस बुरी आदत से निजात पाने के लिए वह डीएडिक्शन यूनिट में भर्ती हुआ है। मुख्यमंत्री ने अज़हर को नशा छोड़ कर सामान्य जीवन व्यतीत करने प्रेरित करते हुए कहा कि अब नशा मत करना। अज़हर ने कहा कि जी मैं अब नशा नहीं करूंगा। मुख्यमंत्री ने महारानी अस्पताल के ट्रामा एवं बर्न यूनिट का लोकार्पण कर वहां के मेल और फीमेल बर्न वार्ड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित बर्न वार्ड के तारीफ की।