मुम्बई । प्लेऑफ के नजदीक खड़ी और लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स की टीम को आईपीएल के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शनिवार को होने वाले 44वें मैच में मुंबई इंडियंस के पलटवार से सतर्क रहना होगा। मुम्बई की टीम लगातार आठ मैच हारकर प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी है लेकिन अपने शेष मैचों में वह अन्य टीमों का काम खराब कर सकती है। मुम्बई के पास अब गंवाने के लिए कुछ नहीं है। वह सत्र की अपनी पहली जीत हासिल करने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगाएगी।
राजस्थान के लिए एक बार फिर उसका तुरुप का पत्ता जोस बटलर रहेंगे। इंग्लैंड का यह बल्लेबाज़ इस सीजऩ में बल्लेबाज़ी के हर आयाम में अव्वल साबित हुआ है। इस सीजऩ में अब तक सबसे अधिक 499 रन बनाने के साथ-साथ व्यक्तिगत उच्चम स्कोर (116), सबसे ज़्यादा 50 से अधिक रन (5), सबसे अधिक 32 छक्के बटलर के ही नाम हैं। मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ खेली पिछली पांच पारियों में बटलर ने 100,41,70,89 और नाबाद 94 रन बनाए हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला सीजऩ खेल रहे तिलक वर्मा ने मिडल ओवर में सबसे ज़्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 144.37 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए हैं। डीवाई पाटिल में वर्मा ने राजस्थान के ख़िलाफ़ 61 और चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ नाबाद 51 रनों की पारी खेली थी।
राजस्थान के लेग स्पिनर युज़वेंद्र चहल इस समय पर्पल कैप होल्डर हैं। उन्होंने आठ मुक़ाबलों में 12.61 के औसत से 18 विकेट अपने नाम किए हैं। आईपीएल 2019 से लेकर अब तक मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ खेले कुल सात मुक़ाबलों में उन्होंने 8 की इकॉनमी से 14 विकेट झटके हैं।
वेस्टइंडीज़ का विस्फोटक बल्लेबाज़ शिमरॉन हेत्माएर इस सीजऩ में अब तक लय में नजऱ आया है। हेटमायर ने अब तक खेली कुल आठ पारियों में 56.75 के औसत और 171.96 के स्ट्राइक रेट से 227 रन बनाए हैं। वह इस सीजऩ में डेथ ओवर्स के दौरान सबसे ज़्यादा 153 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं। यह रन उन्होंने 246.77 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
इस सीजऩ पहले चार मुक़ाबलों में सात विकेट अपने नाम करने के बाद ट्रेंट बोल्ट के प्रदर्शन में हल्की गिरावट आई है। हालांकि अपनी पुरानी फ्ऱैंचाइज़ी मुंबई के ख़िलाफ़ बोल्ट का रिकॉर्ड शानदार रहा है। बोल्ट ने मुंबई के ख़िलाफ़ खेले अपने पिछले पांचों मुक़ाबलों में विकेट लिए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डेनियल सैम्स के लिए भी यह सीजऩ उतना अच्छा नहीं रहा है। हालांकि बाएं हाथ का यह तेज़ गेंदबाज़ मुंबई के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट छह विकेट लेने वाले चार गेंदबाज़ों में से एक है। सैम्स ने यह विकेट पांच मुक़ाबलों में लिए हैं। सैम्स की बल्लेबाज़ी करने की क्षमता उन्हें जऱा हट के बनाती है।
00