महासमुंद । पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने एवं जिले की पुरातात्विक एवं संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से टूर डे सिरपुर यात्रा आज शनिवार को महासमुंद के वन विद्यालय केंद्र से सबेरे 7ः30 बजे रवाना हुई। संसदीय सचिव एवं विधायक श्री विनोद चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाई। वह स्वयं सायकल यात्रा में पहला स्टॉपेज बेमचा तक शामिल हुए। टूर डे सिरपुर यात्रा में कलेक्टर श्री निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला, सीईओ ज़िला पंचायत एस. आलोक, वनमण्डलाधिकारी श्री पंकज राजपूत एवं ज़िले के अधिकारी-कर्मचारियों सहित गणमान्य नागरिक, बालक-बालिकाएं पूरे उत्साह से सायकल यात्रा में शामिल हुए। सायकल यात्रा समापन पर सिरपुर लक्ष्मण मंदिर पर सायकल यात्रियों ने तस्वीर खिंचवाई ।
संसदीय सचिव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने कटिबद्ध है। प्रदेश में जंगल, पहाड़, नदी, जलाशय और ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के दर्शनीय स्थल है। उन्होंने सायकल यात्रा के शुभारम्भ अवसर पर कहा कि प्रदेश में लोकल टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री के मंशानुरूप कार्य किया जा रहा है।
कार्ययोजना में प्रदेश में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए वेलनेस टूरिज्म, एग्रो टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म को शामिल किया गया है। पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन के क्षेत्र में निजी निवेश एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन नीति तैयार की गई है।