Home » आईपीएल नीलामी से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने बरपाया कहर, बिग बैश लीग में ली डबल हैट्रिक

आईपीएल नीलामी से पहले ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने बरपाया कहर, बिग बैश लीग में ली डबल हैट्रिक

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । बिग बैश लीग 2021-22 में सिडनी थंडर का सामना मेलबर्न रेनेगेड्स से हुआ। इस मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स के लेग स्पिनर कैमरन बॉयस बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने लीग में इतिहास रचते हुए चार गेंदों में चार विकेट चटका डाले। इसके अलावा बॉयस बीबीएल में डबल हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। लेग स्पिनर ने मैच में कुल पांच विकेट झटके। हालांकि इसके बावजूद उनकी टीम को एक रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा।

32 साल के बॉयस ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में सिडनी थंडर के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए दो ओवर के अंदर ही चार विकेट चटका डाले। उन्होंने सातवें ओवर की अंतिम डिलीवरी से कहर बरपाना शुरू किया और सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया। बॉयस ने इसके बाद नौवें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए लौटते हुए पहली डिलीवरी पर जेसन को पवेलियन भेज दिया। बॉयस की अगली ही गेंद पर एलेक्स रॉस एलबीडब्ल्यू हो गए। हैट्रिक पूरी करने के लिए उन्होंने डैनियल सैम्स को आउट कर दिया।

एलेक्स रॉस और डैनियल सैम्स खाता भी नहीं खोल पाए। एलेक्स रॉस को आउट कर बॉयस बीबीएल में हैट्रिक लेने वाले आठवें खिलाड़ी बन गए। वहीं, सैम्स को आउट करने के बाद उन्होंने चार गेंदो पर चार विकेट झटके। वह चार गेंद पर चार विकेट लेने वाले टूर्नामेंट के इतिहास में पहले गेंदबाज बन गए। बॉयस टी20 इतिहास में ऐसा करने वाले 10वें गेंदबाज हैं। पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर ने चार गेंद पर चार विकेट चटकाए थे।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More