Home » कलर्स के शो हुनरबाज से टीवी पर डेब्यू करेंगी परिणीति चोपड़ा

कलर्स के शो हुनरबाज से टीवी पर डेब्यू करेंगी परिणीति चोपड़ा

by Bhupendra Sahu

परिणीति चोपड़ा ने मेहनत के बदौलत बॉलीवुड में अपना अलग मुकाम हासिल किया है। वह आए दिन अपनी प्रतिभा में निखार लाती रही हैं। संदीप और पिंकी फरार, साइना और द गर्ल ऑन द ट्रेन जैसी फिल्मों से इस साल भी उन्होंने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। अब उनके प्रशंसकों के लिए एक खुशखबरी आई है। परिणीति कलर्स के शो हुनरबाज से छोटे पर्दे पर अपना डेब्यू करेंगी। दर्शकों को उनका एक अलग अंदाज देखने को मिलेगा। इस शो का शीर्षक हुनरबाज- देश की शान रखा गया है। हाल में खबर आई थी कि दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और फिल्ममेकर करण जौहर इस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाएंगे। अब परिणीति इन दोनों कलाकारों को साथ देने के लिए टीम में शामिल हो गई हैं। खुद फिल्ममेकर करण ने इस संबंध में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर जानकारी दी है। उन्होंने मिथुन और परिणीति के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है।

करण ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, नई शुरुआत हमेशा खास होती है। महान मिथुन दा और बिल्कुल प्यारी परिणीति के साथ हुनरबाज- देश की शान नामक एक रियलिटी शो की शुरुआत करने के लिए उत्साहित हूं। उन्होंने आगे बताया कि इस शो का प्रसारण कलर्स चैनल पर होगा। वूट पर भी दर्शक इस शो का आनंद ले पाएंगे। करण को इस नई शुरुआत के लिए सोशल मीडिया पर खूब बधाइयां मिल रही हैं।

इस शो का हिस्सा बनने पर परिणीति बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, मुझे हमेशा मंच पर रहना और लाइव दर्शकों के साथ बातचीत करना पसंद है। मुझे पता था कि रियलिटी टेलीविजन शो मुझे भारत के अलग-अलग हिस्सों के लोगों से मिलने का मौका देगा, जिनसे हम आसानी से बातचीत नहीं कर पाते और उनकी कहानियां सुनने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि इस शो के जरिए उन्हें अलग-अलग लोगों से मिलने का मौका मिलेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, शो का ऑडिशन चल रहा है। यह शो देश के अंदर छिपी हुई प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करेगा। इस शो में कई प्रकार के कलाकारों को अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने का मौका मिलेगा। शो में गायकों, नृत्यकारों, स्टंटमैन, हास्य कलाकारों और जादूगरों की जादूगरी हमें देखने को मिल सकती है। यह शो ऐसे कलाकारों को एक पैन इंडिया मंच मुहैया कराएगा। यह निश्चत रूप से नई प्रतिभाओं के लिए अच्छा मौका है।
परिणीति निर्देशक सूरज बडज़ात्या की फिल्म ऊंचाई में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे। खबरों की मानें तो इस फिल्म में परिणीति एक टूरिस्ट गाइड की भूमिका में दिखने वाली हैं। इसके अलावा वह एनिमल में भी दिखेंगी। इस फिल्म में वह रणबीर कपूर के अपोजिट भूमिका में दिखाई देंगी। इस फिल्म में अनिल कपूर भी अभिनय करते नजर आएंगे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More