धान खरीदी की सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने  मुख्य सचिव ने दिए निर्देश 

श्री जैन ने कहा है कि धान की बिक्री के लिए पंजीकृत किसानों की गिरदावरी में धान के रकबे सहित सभी बिन्दुओं पर सही जानकारी अंकित की जाए। इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए कि जो किसान धान की फसल के बजाय अन्य वैकल्पिक फसलों का उत्पादन कर रहें है, उनकी जानकारी भी विशेष रूप से भरी जाए। जिन किसानों के आवेदन पंजीयन के लिए प्राप्त हो चुके है, यथा शीघ्र उनका पंजीयन पूरा कर लिया जाए। उन्होंने समिति स्तर पर धान खरीदी कार्य में लगने वाले सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी यथा समय करवाने के निर्देश दिए है। धान खरीदी प्रारंभ होने के पश्चात सप्ताह के अंत में खरीदी गए धान की मात्रा और बारदानों का भौतिक सत्यापन करने कहा गया है। श्री जैन ने कहा है कि एक ही स्थान पर दो वर्षो से अधिक समय से काम कर रहें राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को अन्य स्थानों पर पदस्थ किया जाए। उन्होंने जिला स्तर पर धान खरीदी से जुड़ी सभी जानकारियों के साथ कंट्रोल रूम की स्थापना करने के निर्देश दिए है और कहा है कि कंट्रोल रूम सतत् रूप से कार्यशील होने चाहिए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के बेहतर तालमेल का असर जिले के कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ ही विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के रूप में प्रस्तुत करने कहा है। श्री जुनेजा ने धान के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निर्मित किए गए चेक पोस्ट के अलावा अंदरूनी मार्गों पर पुलिस पेट्रोलिंग के निर्देश उन्होंने दिए है। साथ ही पुराने अनुभवों के आधार पर उन्नत तकनीकों और खुफियातंत्र का इस्तेमाल करके धान के अवैध परिवहन और परिवहनकर्ता पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए है। श्री जुनेजा ने सभी जिलों में सामाजिक सौहाद्र और भाईचारा बनाए रखने के लिए विभिन्न समुदाय प्रमुखों से नियमित सम्पर्क बनाए रखने के निर्देश दिए है। बैठक में सचिव कृषि विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव खाद्य श्री टोपेश्वर वर्मा, सचिव राजस्व श्री नीलम नामदेव एक्का, प्रबंध संचालक मार्कफेड सुश्री किरण कौशल, पंजीयक सहकारी संस्था श्री हिमशिखर गुप्ता सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।