Home » लव रंजन की आगामी फिल्म में ब्रेकअप एक्सपर्ट की भूमिका निभाएंगे रणबीर कपूर

लव रंजन की आगामी फिल्म में ब्रेकअप एक्सपर्ट की भूमिका निभाएंगे रणबीर कपूर

by Bhupendra Sahu

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर के खाते में इस वक्त कई बड़ी फिल्में हैं। वह मौजूदा दौर के सबसे व्यस्त अभिनेताओं में शुमार किए जाते हैं। पिछले कुछ समय से वह फिल्ममेकर लव रंजन की आगामी फिल्म को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिलहाल इस फिल्म का शीर्षक तय नहीं किया गया है। अब जानकारी सामने आ रही है कि लव रंजन की अगली फिल्म में वह एक ब्रेकअप एक्सपर्ट की भूमिका निभाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, लव रंजन की अगली फिल्म में रणबीर एक ब्रेकअप एक्सपर्ट की भूमिका में दिखने वाले हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। एक सूत्र ने कहा, रणबीर और श्रद्धा की यह फिल्म इम्तियाज अली के मिजाज वाली प्रेम कहानी है, जिसमें लव रंजन का हास्य शामिल होगा। रणबीर एक रिलेशनशिप काउंसलर की भूमिका निभा रहे हैं, जो पुरानी दिल्ली में ब्रेकअप एक्सपर्ट हैं।

सूत्र ने आगे बताया कि स्पेन यात्रा के दौरान रणबीर को श्रद्धा से प्यार हो जाता है। यात्रा से वापस आने के बाद वह रणबीर के पैरेंट्स की भूमिका निभा रहे बोनी कपूर और डिंपल कपाडिय़ा से मिलती हैं। हालांकि, श्रद्धा उनके परिवार को बर्दाश्त नहीं कर पाती हैं और उनसे ब्रेकअप के लिए कहती हैं। फिल्म में यह दिखाया जाएगा कि कैसे रणबीर श्रद्धा में अपने माता-पिता के प्रति प्यार जगाने की कोशिश करते हैं।

लव रंजन के साथ राहुल मोदी ने इस फिल्म का लेखन किया है। खबरों की मानें तो फिल्म में श्रद्धा एक वेट्रेस की भूमिका निभा रही हैं। यह फिल्म अगले साल मार्च में होली के मौके पर 18 मार्च को रिलीज हो सकती है। फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग करेंगे। इससे पहले उन्होंने प्यार का पंचनामा और कॉमेडी रोमांस फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी का निर्देशन किया है।

लव रंजन पहली बार इस फिल्म में रणबीर और श्रद्धा के साथ काम करने जा रहे हैं। रणबीर और श्रद्धा की जोड़ी को भी किसी फिल्म में पहली बार देखा जाएगा। फिल्म को भूषण कुमार की टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग इस साल गाजियाबाद में शुरू हुई थी। इसके बाद इसे दिल्ली और मुंबई में फिल्माया गया। फिल्म का आखिरी इंटरनेशनल शेड्यूल जनवरी, 2022 में स्पेन में शुरू होने की उम्मीद है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More