संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर की पहली फिल्म पिछले काफी समय से सुर्खियों में हैं। यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि दर्शक लंबे समय से शनाया के बॉलीवुड डेब्यू की राह देख रहे हैं। अब जबकि शनाया ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर ली है तो इसका टाइटल भी सामने आ गया है। खबर है कि शनाया की डेब्यू फिल्म का नाम दोनों मिले इस तरह होगा। एक सूत्र ने बताया कि फिल्म के नाम पर काफी समय से विचार किया जा रहा था और अब आखिरकार इसे टाइटल मिल गया है। फिल्म का नाम दोनों मिले इस तरह रख दिया गया है जो कहानी के हिसाब से बिल्कुल फिट बैठता है। हालांकि अभी इस टाइटल की आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं हुई है। उम्मीद है कि निर्माता-निर्देशक जल्द ही फिल्म के नाम पर अपनी मुहर लगाएंगे।
शनाया ने बीते दिन अपनी डेब्यू फिल्म की शूटिंग शुरू की। इस मौके पर उनके पिता अभिनेता संजय कपूर ने कुछ तस्वीरें शेयर कीं जिनमें उनकी पत्नी, बेटी और बेटा नजर आ रहा था। संजय कपूर ने लिखा, नई शुरुआत, आप पर गर्व है, मेहनत करो, फोकस करो, ये तो बस शुरुआत है, आकाश सीमा है। अमृता अरोड़ा, फराह खान, रिया कपूर के पति करण बुलानी और चंकी पांडे की पत्नी भावना पांडे ने भी शनाया को बधाई दी थी।
करण जौहर इस फिल्म के निर्माता हैं, वहीं शशांक खैतान निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं। फिल्म की कहानी लव ट्राएंगल पर आधारित होगी। इस फिल्म में शनाया के साथ गुरफतेह सिंह पीरजादा और लक्ष्य लालवानी नजर आएंगे। करण इस फिल्म से शनाया के साथ-साथ लक्ष्य को भी बॉलीवुड के डेब्यू कराने वाले हैं।
फिल्म की शूटिंग इस साल जुलाई में शुरू होने वाली थी, हालांकि कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण इसमें देरी हुई।
शनाया कपूर की सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। उनकी तस्वीरें अक्सर वायरल होती हैं। उनकी सुंदरता से लेकर डांस और ग्लैमरस अंदाज फैंस को खूब भाता है। शनाया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। अपने प्रशंसकों से जुड़े रहने के लिए वह अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर साझा करती रहती हैं। बता दें कि शनाया अपनी चचेरी बहन जान्हवी कपूर की फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़ चुकी हैं।