मुंबई । कंज्यूमर इंटेलिजेंस कंपनी ब्रांडवाच की सालाना रिसर्च के अनुसार भारत के पूर्व क्रिकेटर और दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शामिल किए जाने वाले सचिन तेंदुलकर इस साल ट्विटर पर 50 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल हैं। दाएं हाथ के महान बल्लेबाज तेंदुलकर को 50 प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में अमेरिकी अभिनेताओं ड्वेन जॉनसन और लियोनार्डो डि कैपरियो और अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा से ऊपर जगह मिली है।
अमेरिकी गायिका टेलर स्विफ्ट इस लिस्ट में पहले नंबर पर हैं जबकि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे स्थान पर हैं। इस रिसर्च में तेंदुलकर को लिस्ट में शामिल करने के लिए उनके वंचित तबके के लोगों के लिए सराहनीय काम, उनके लिए आवाज उठाने और उचित अभियानों के लिए आगे रहने, उनके काम के बाद उनके प्रेरित फैन्स और उनके साझेदार ब्रांड के प्रभावशाली अभियानों का हवाला दिया गया।
राज्यसभा के सदस्य पूर्व भारतीय कप्तान तेंदुलकर एक दशक से अधिक समय से यूनिसेफ से जुड़े रहे हैं और 2013 में उन्हें दक्षिण एशिया का दूत नियुक्त किया गया। तेंदुलकर ने ग्रामीण और शहरी भारत दोनों जगह स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्रों में कई पहल का समर्थन किया है। 100 टेस्ट शतक लगाने वाले तेंदुलकर दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं और उनके नाम वनडे और टेस्ट में सबसे ज्यादा रन भी दर्ज हैं।