Home » थिएटर के बाद नेटफ्लिक्स पर आएगी अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी?

थिएटर के बाद नेटफ्लिक्स पर आएगी अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी?

by Bhupendra Sahu

अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाल मचा रही है। लॉकडाउन के बाद किसी बॉलीवुड फिल्म को पहली बार इतनी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। रोहित शेट्टी की इस कॉप ड्रामा फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों ने भी सराहा है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म थिएटर में कामयाबी हासिल करने के बाद अब स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। हालांकि, मेकर्स ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि अक्षय की सूर्यवंशी ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने वाली है। जो दर्शक इस महामारी में थिएटर नहीं जा पाए हैं, उनके लिए फिल्म को देखने का सुनहरा मौका है। खबरों की मानें तो फिल्म की ओटीटी रिलीज के लिए मेकर्स ने नेटफ्लिक्स के साथ एक बड़ी डील की है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के चार हफ्ते बाद दिसंबर में यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध हो जाएगी।

सूर्यवंशी दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अक्षय के अलावा कैटरीना कैफ भी नजर आई हैं। वहीं, रणवीर सिंह और अजय देवगन ने भी अपने स्पेशल अपीयरेंस से फिल्म में जान फूंकने की कोशिश की है। रिपोर्ट की मानें तो फिल्म 5 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के स्ट्रीमिंग अधिकार नेटफ्लिक्स को 65 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। सूर्यवंशी ने चार दिनों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। फिल्म के पहले दिन का कलेक्शन 26.29 करोड़ रुपये रहा।

दूसरे दिन फिल्म ने 23.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। महज दो दिनों में फिल्म ने 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। फिल्म को रविवार की छुट्टी का फायदा मिला। इसने तीसरे दिन लगभग 28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। सूर्यवंशी ने तीन दिनों में ही करीब 77 करोड़ रुपये कमा लिए थे।

दर्शकों को काफी समय से थियटर में एक धमाकेदार फिल्म का इंतजार था। सूर्यवंशी पहले मार्च, 2020 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना की वजह से फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। रोहित शेट्टी की इस फिल्म में गुलशन ग्रोवर, सिकंदर खेर, अभिमन्यु सिंह और जावेद जाफेरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। अक्षय ने इस फिल्म में पुलिस वाले के किरदार से दर्शकों का दिल जीता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More