नई दिल्ली। देश में दिवाली के पर्व के बाद शनिवार को कोरोना मामलों में गिरावट देखी गई है। यानि देश में 24 घंटे में कोरोना के 10,929 मामले सामने आए हैं और 392 लोगों की मौत भी दर्ज की गई है। वहीं राहत की बात है कि इस दौरान 12,509 लोग ठीक हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शनिवार को आए नए कोरोना मामलों के बाद अब तक देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,43,44,683 हो गई। वहीं संक्रमण से 392 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,60,265 हो गई। जबकि उपचाराधीन मरीजों में लगातार कमी के आद अब देश में सक्रीय मरीजों की संख्या केवल 1,46,950 यानी 0.43 प्रतिशत रह गई है। जबकि कोरोना को मात देकर ठीक होने वालों का आंकड़ा बढऩे के बाद स्वास्थ्य होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.23 प्रतिशत पहुंच गई है। कोरोना का लगातार गिरते ग्राफ का नतीजा लगातार चल रहे कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान है। पिछले 24 घंटे में 20 लाख 75 हजार कोरोना टीके लगाए गए हैं।
इस प्रकार अब तक कुल 107 करोड़ 92 लाख 19 हजार 546 वैक्सीन डोज लग चुकी हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर इस समय 1.35 प्रतिशत है जोकि लगातार पिछले 33 दिनों से दो प्रतिशत से नीचे है। वहीं साप्ताहिक संक्रमण दर 1.27 प्रतिशत है जोकि पिछले 43 दिनों से दो प्रतिशत से नीचे बनी हुई है।
केरल में पिछले एक दिन में वायरस संक्रमण के 6580 नए मरीजों की पुष्टि हुई जबकि 46 मरीजों ने दम तोड़ा। राज्य में कुल मामले 50,01,835 पहुंच गए हैं और मृतक संख्या 33,048 हो गई है। सबसे ज्यादा 878 मामले तिरुवनंतपुरम जिले में मिले। इसके बाद एर्नाकुलम जिले में 791 और त्रिशूर जिले में 743 संक्रमितों की पुष्टि हुई।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।