नयी दिल्ली । भारतीय मुक्केबाज रोहित मोर और आकाश सांगवान ने प्री-चर्टर फाइनल मुकाबले में हार के साथ सर्बिया के शहर बेलग्रेड में जारी 2021 एआईबीए पुरुष मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपने अभियान का अंत किया। 67 किग्रा भार वर्ग में खेलते हुए आकाश ने केविन ब्राउन के खिलाफ आक्रामक इरादे से खेल की शुरुआत की। हालांकि, क्यूबा के इस मुक्केबाज ने भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ अपनी तकनीकी श्रेष्ठता दिखाई, जो इस चैंपियनशिप में पहली बार खेल रहे थे। ब्राउन ने जॉर्जियाई मुक्केबाज लाशा गुरुली के साथ चर्टर फाइनल में भिड़ंत तय करने के लिए 5-0 के अंतर से जीत हासिल की।
इस बीच, भारत के लिए दिन का पहला ही मैच दिल तोडऩे वाला था क्योंकि उसके नवोदित स्टार रोहित मोर को हार का सामना करना पड़ा। रोहित को 57 किग्रा भार वर्ग के प्री-चर्टर में कजाकिस्तान के सेरिक टेमिरज़ानोव के खिलाफ 1-4 के अंतर से हार मिली।
इससे पहले, रविवार को देर रात खेले गए मैचों के दौरान, संजीत और निशांत देव ने अंतिम -8 दौर में जगह पक्की की। उनसे पहले, आकाश कुमार (54 किग्रा) और नरेंद्र (+92) ने अपने-अपने प्री-चर्टर फाइनल मैच जीते थे।
शुरुआती राउंड में पिछडऩे के बाद, रोहतक के मुक्केबाज, संजीत ने अपने जॉर्जियाई प्रतिद्वंद्वी जियोर्गी त्चिग्लाद्ज़े के खिलाफ समय पर पूरी तरह स्वस्थ होकर न केवल अगले दौर में जीत हासिल की, बल्कि अंत में 4-1 के अंतर से जीत हासिल कर 92 किग्रा भार वर्ग के चर्टर फाइनल में जगह बनाई।
इसी तरह, दूसरी ओर, 71 किग्रा भार वर्ग के प्री-चर्टर फ़ाइनल में खेलते हुए, डेब्यूबटेंट निशांत को खेल के शुरुआती भाग में संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, कर्नाटक के मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन ने मैच के बाद के चरण में मैक्सिकन मुक्केबाज अल्वारेज़ वर्डे के शरीर पर कुछ लगातार तेज और सटीक वार किए। इससे वह परिणाम अपने हक में करने में सफल रहे। इस करीबी मुकाबले का परिणाम 3-2 से निशांत से पक्ष में रहा और वह चर्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।
देश के लिए पदक पक्का करने से महज एक जीत दूर संजीत का सामना अब इटली के मुक्केबाज अजीज मौहिदीन से होगा जबकि निशांत का सामना मंगलवार को चर्टर फाइनल में रूस के वादिम मुसाएव से होगा।
आकाश, नरेंद्र, संजीत और निशांत जहां पहले ही चर्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं, वहीं तीन और भारतीय मुक्केबाज आज रात प्री-चर्टर फाइनल में खेलेंगे। 51 किग्रा भार वर्ग के अंतिम-16 दौर के मैच में दीपक को टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता कजाकिस्तान के साकेन बिबोसिनोव से कड़ी चुनौती मिलेगी।
इसी तरह सुमित (75 किग्रा) क्यूबा के अपने प्रतिद्वंद्वी योएनलिस हर्नांडेज़ से भिड़ेंगे, जबकि एशियाई चैंपियनशिप के पांच बार के पदक विजेता शिव थापा 63.5 किलोग्राम भार वर्ग में फ्रांस के लाउनेस हमराउई से भिड़ेंगे।