जगदलपुर। बस्तर जिले में वन नेशन वन राशन कार्ड योजना 01 नवंबर से लागू कर दी जाएगी। ऑनलाइन आधार नंबर के साथ जोडऩे के बाद राशन कार्ड से राशन उपलब्ध हो सकेगा। इस योजना के बाद कोई भी कार्डधारी किसी भी जगह से पीडीएस का सामान ले सकेगा। इस योजना का फायदा फिलहाल शहर और नगर पंचायत बस्तर के उपभोक्ताओं को मिलेगा। खाद्य विभाग इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरु करने जा रहा है। इस योजना के तहत पहले चरण में जगदलपुर नगर में निगम क्षेत्र की 45 और बस्तर नगर पंचायत की 03 दुकानों में ई-पाश मशीन द्वारा राशन देने की शुरुआत की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग द्वारा बस्तर में एक सितंबर से वन नेशन वन कार्ड शुरू करने की योजना बनाई गई थी, इसके लिए नगर निगम क्षेत्र और बस्तर नगर पंचायत की राशन दुकानों का चयन भी कर लिया गया था, लेकिन जिस कंपनी को इस योजना को शुरू करने के लिए ई-पॉश मशीन भेजनी थी वह नहीं भेज पाई थी। जिसके चलते इस योजना को शुरू नहीं हो पाई थी। शासन द्वारा पिछले दिनों 48 ई-पॉश मशीन भेजने के साथ ही खाद्य विभाग द्वारा राशन दुकान संचालकों को प्रशिक्षण दे दिया गया है।
खाद्य विभाग के द्वारा इन दिनों राशन कार्ड का आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। बस्तर जिले में 201165 राशन कार्डधारियों के कार्ड में सदस्यों की संख्या 774902 है, जिसमें से अब तक 98 प्रतिशत लोगों के आधार कार्ड का लिंक राशन कार्ड से हो चुका है। वन नेशन वन कार्ड योजना के तहत ई पॉश मशीन बायोमैट्रिक सिस्टम है। इसके चलते आधार कार्ड का लिंक होना जरूरी है। अंगूठे से आधार का वेरिफिकेशन होगा, राशन कार्डधारियों को आधार कार्ड से राशन कार्ड का लिंक कराना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आधार और थंब इंप्रेशन गलत होगा तो राशन नहीं मिलेगा।