Home » कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्राओं की होगी शुरूआत, प्रियंका दिखाएंगी हरी झंडी

कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्राओं की होगी शुरूआत, प्रियंका दिखाएंगी हरी झंडी

by Bhupendra Sahu

लखनऊ । विधानसभा चुनाव में जुटी कांग्रेस पार्टी पूरे राज्य में आज से प्रतिज्ञा यात्रा निकालने जा रही है। इसकी शुरूआत पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी बाराबंकी से करेंगी। कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा आज तीन शहरों से रवाना होंगी। इस यात्रा का मकसद प्रदेश के कोने-कोने तक कांग्रेस को पहुंचाना है। यात्रा के लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटते हुए रूट तैयार किया गया है। पहला रूट अवध के बाराबंकी और बुंदेलखंड के जिलों को मिलाकर झांसी तक और दूसरा रूट पश्चिमी व बृज क्षेत्र के विभिन्न जिलों के लिए तैयार किया गया है। इसी प्रकार तीसरा रूट पूर्वाचल के लिए निर्धारित किया गया है।

कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के लिए बस का इस्तेमाल किया जा रहा है। बाराबंकी के अलावा यात्रा दो अन्य शहरों सहारनपुर और वाराणसी से भी यात्रा निकलेंगी। नौ जिलों से गुजरने वाली दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर बुंदेलखंड में झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले से आरंभ होगी और उसका समापन मथुरा में होगा। यह यात्रा 11 जिलों से गुजरेगी। इन सभी यात्राओं का समापन एक नवंबर को होगा। पूर्व सांसद और पार्टी के छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया ने बताया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तीनों यात्राओं का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर बाराबंकी जिले से करेंगीं। इस मौके पर प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के सात संकल्पों के बारे में विस्तार से बताएंगीं।

इस दौरान वह कांग्रेस की सात चुनावी प्रतिज्ञाओं की घोषणा भी करेंगी। पहली प्रतिज्ञा के तौर पर वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस की ओर से 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने तथा पार्टी के सत्ता में आने पर इंटरमीडिएट पास छात्राओं को स्मार्टफोन व स्नातक छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का एलान कर चुकी हैं।

कांग्रेस के डिजिटल मीडिया संयोजक व प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया, प्रदेश की नारी शक्ति को राजनैतिक रूप से सशक्त करने और सम्मान दिलाने के लिए, प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा दलितों, पिछड़ों और ब्राह्मणों पर किये जा अत्याचार को लेकर, नौजवान को रोजगार के लिए किसानों के सम्मान और अधिकार के लिए और विकास के लिए प्रियंका गांधी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पार्टी के प्रतिज्ञा यात्रा की शुरूआत हो रही है। हम वचन निभायेगें के संकल्प के साथ यह यात्रा निकाली जा रही है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More