नई दिल्ली / देश में तेजी से चल रहे कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान के सामने अब कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। लगातार घट रहे कोरोना प्रकोप के बीच पिछले 24 घंटे में 15 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जबकि संक्रमण से होने वाली मौतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। वहीं उपचाराधीन मरीजों के ठीक होने की संख्या नए मामलों की तुलना में कहीं ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव में दैनिक मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। इसका नतीजा कोरोना वैक्सीन के टीके लगाने के लिए तेज हुई टीकाकरण की रफ्तार मानी जा रही है। त्यौहारी सीजन के बावजूद कोरोना का ग्राफ कम होने से इस बात के संकेत है कि देश कोरोना की जंग जीतने की राह पर है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 15,981 नए मामले सामने आए और 166 मरीजों की मौत हुई, जो बड़ी राहत की बात है, जबकि एक दिन पहले साढे तीन सौ मौते दर्ज की गई थी।
संक्रमण से हो रही दैनिक मौतों का आंकड़ा तेजी से कम हुआ है। यही नहीं बीते एक दिन में 17,861 मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। मंत्रालय के अनुसार उपचाराधीन सक्रीय मरीजों की संख्या भी तेजी से कम होती आ रही है। अब केवल देश में 2,01,632 सक्रीय मरीज इलाज के लिए रह गये हैं। देश में कोरोना को मात देकर ठीक होने वाले लोगों की संख्या तेजी के साथ बढ़कर 3,33,99,961 हो चुकी है, जबकि देश में अब तक कुल संक्रमण के 3,40,53,573 मामले सामने आए हैं। वहीं देश में कोरोना संक्रमण से हुई मौतों का आंकड़ा 4,51,980 पहुंच गया है। कोरोना को हराने के लिए देश में कोरोना मामलों की पहचान करने के लिए देश में टेस्टिग जारी है। अब तक देश में 58.98 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं लोगों को वायरस से सुरक्षा देने के लिए कोरोना रोधी वैक्सीन का टीकाकरण अभियान भी चालू है, जिसके तहत अब तक कुल 97.23 करोड़ वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं।
कोरोना जांच किट और उपकरणों के निर्यात से हटी रोक
कोरोना महामारी की धीमी गति को देख केंद्र सरकार ने जांच किट के निर्यात पर लगी रोक को हटा दिया है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (डीजीएफटी) ने आदेश में कहा है कि कोरोना जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली सभी जांच किट और उपकरणों के साथ अन्य रोगों की जांच में इस्तेमाल होने वाली किट, रीजेंट और उपकरणों के निर्यात पर लगी रोक को हटा लिया गया है। इसी के साथ डीजीएफटी ने कुछ चुनिंदा सिरिंज के निर्यात पर ही रोक लगाई है। अन्य पर लगी रोक को हटा लिया है। मालूम हो कि देश में कोरोना संक्रमण बेकाबू होने के बाद सरकार ने जरूरी मेडिकल उपकरणों और जांच किट के निर्यात पर रोक लगाई थी।