Home » प्रभास जल्द कर सकते हैं अपनी 25वीं फिल्म का ऐलान, दिखेगा अनदेखा अवतार

प्रभास जल्द कर सकते हैं अपनी 25वीं फिल्म का ऐलान, दिखेगा अनदेखा अवतार

by Bhupendra Sahu

साउथ में प्रभास की दीवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोलती है। बाहुबली में काम करने के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। आने वाले दिनों में भी प्रभास एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे और इसी बीच खबर आ रही है कि वह जल्द ही अपनी 25वीं फिल्म की घोषणा कर सकते हैं। इस खबर से उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रभास 7 अक्टूबर को अपनी 25वीं फिल्म की घोषणा करने वाले हैं, जो उनके प्रशंसकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज होगी। इससे जुड़ी जानकारी को गोपनीय रखा गया है। बस यह खबर मिली है कि यह फिल्म अद्भुत होगी और इसकी कहानी प्रभास की अन्य पिछली फिल्मों से पूरी तरह से अलग होगी। फिल्म में प्रभास को पहले कभी नहीं देखी गई भूमिका में दिखाया जाएगा, वहीं, इसके जरिए वह एक ब्लॉकबस्टर निर्देशक के साथ जुड़ेंगे।

फिल्म बाहुबली से शोहरत बटोरने के बाद प्रभास 2019 में हिंदी सिनेमा जगत की अपनी पहली फिल्म साहो में नजर आए थे। मिली जुली प्रतिक्रिया के बावजूद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी। इसके लिए प्रभास को अपना पहला हिंदी सिनेमा का पुरस्कार मिला था। प्रभास ने बॉलीवुड बिजनेस अवार्ड्स में साहो के लिए सबसे ज्यादा कमाई करने वाले मेल डेब्यू का खिताब अपने नाम किया था। फिल्म में उनके साथ श्रद्धा कपूर नजर आई थीं।

प्रभास की फिल्म राधे श्याम उनकी आगामी बहुचर्चित फिल्मों में से एक है और हो भी क्यों ना, इसके जरिए प्रभास लंबे समय बाद रोमांटिक अवतार में जो नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनत्री पूजा हेगड़े नजर आएंगी। राधा कृष्ण कुमार के निर्देशन में बन रही यह एक बहुभाषी फिल्म है, जो अगले साल 14 जनवरी को रिलीज होने वाली है। फिल्म में प्रभास के कपड़ों पर ही लगभग छह करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

प्रभास फिल्म आदिपुरुष में भगवान राम का किरदार निभाने वाले हैं। इसमें उनके साथ कृति सैनन और सैफ अली खान नजर आएंगे। वह एक्शन थ्रिलर फिल्म सालार में काम कर रहे हैं। इसके अलावा प्रभास निर्देशक नाग अश्विन की साइंस फिक्शन फिल्म का हिस्सा हैं। वह रैम्बो के हिंदी रीमेक से भी जुड़े हैं। निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म में प्रभास एक रॉ एजेंट की भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म में कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी बन सकती है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More