Home » हॉटस्टार की हिन्दी वेब सीरीज के साथ साउथ अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा करेंगी डिजिटल डेब्यू

हॉटस्टार की हिन्दी वेब सीरीज के साथ साउथ अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा करेंगी डिजिटल डेब्यू

by Bhupendra Sahu

डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रति दर्शकों का रुझान बढ़ा है। यही वजह है कि मेकर्स डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छा कंटेंट लेकर आ रहे हैं। हाल में दक्षिण भारतीय फिल्मों के कई कलाकारों को हिन्दी वेब सीरीज में अपनी पहचान बनाते हुए देखा गया है। अब इस कड़ी में एक और कलाकार का नाम जुड़ गया है। खबरों की मानें तो साउथ अभिनेत्री रेजिना कैसेंड्रा डिज्नी प्लस हॉटस्टार की हिन्दी सीरीज के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करेंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ अभिनेत्री रेजिना डिज्नी प्लस हॉटस्टार की हिन्दी सीरीज के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना डेब्यू कर सकती हैं। रेजिना ने इस प्रोजेक्ट को साइन कर लिया है। फिलहाल इस सीरीज का शीर्षक तय नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह एक एक्शन थ्रिलर सीरीज होगी। इस प्रोजेक्ट को कनिष्क वर्मा निर्देशित करेंगे। कनिष्क ने ही विद्युत जामवाल की आगामी एक्शन फिल्म सनक का निर्देशन किया है।
यह रेजिना का दूसरा हिन्दी प्रोजेक्ट है। इससे पहले उन्होंने 2019 में आई हिन्दी फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म में सोनम कपूर, अनिल कपूर, राजकुमार राव और जूही चावला जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे।

अभिनेत्री रेजिना को ज्यो अच्युतानंद और मानागरम जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। फैंस अभी से उन्हें इस हिन्दी सीरीज में देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
हॉटस्टार की इस हिन्दी सीरीज में बेफिक्रे और अजीब दास्तान से ख्याति प्राप्त कर चुके अभिनेता अरमान रल्हन दिखेंगे। वहीं, आर्या फेम मनीष चौधरी भी सीरीज में अहम भूमिका में दिखेंगे। फिल्म प्रोड्यूसर समर खान अपने जगरनॉट प्रोडक्शंस के बैनर तले इस सीरीज को प्रोड्यूस करेंगे। अगले कुछ महीनों में सीरीज की शूटिंग शुरू हो जाएगी। इस प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले कोड एम, ए मैरिड वुमन और रात बाकी है जैसे प्रोजेक्ट का निर्माण हो चुका है। सीरीज के निर्देशक कनिष्क ने प्री-प्रोडक्शन के काम को शुरू कर दिया है। खबरों की मानें तो प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए समय और लोकेशंस को बहुद जल्द फाइनल किया जा सकता है। कनिष्क ने इससे पहले इनसाइड एज का निर्देशन किया है। आने वाले दिनों में इनसाइड एज का तीसरा सीजन दस्तक दे सकता है। इनसाइड एज के बाद यह कनिष्क की दूसरी वेब सीरीज है। इनसाइड एज क्रिकेट पर आधारित एक लोकप्रिय सीरीज है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More