Home » समाधान शिविर बना जिंदगी का यादगार पल

समाधान शिविर बना जिंदगी का यादगार पल

by Bhupendra Sahu

धमतरी धमतरी विकासखंड के ग्राम पीपरछेड़ी में 21 मई को आयोजित सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर दिव्यांग युवक नागेश देशमुख के जीवन में नई उम्मीद लेकर आया। वर्षों से कठिनाइयों के बीच शिक्षा प्राप्त कर रहे नागेश के लिए यह दिन इसलिए खास बन गया, क्योंकि उन्हें राजस्व मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा के हाथों ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। यह केवल एक सहायक उपकरण नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, स्वाभिमान और सपनों को नई दिशा देने वाला माध्यम साबित हुआ।

ग्राम पीपरछेड़ी निवासी नागेश देशमुख शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर और समर्पित रहे हैं। सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच भी उन्होंने हार नहीं मानी। स्कूल आने-जाने में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कभी परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता, तो कभी लंबी दूरी तय करने में अत्यधिक समय और शारीरिक परेशानी होती थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और मेहनत के दम पर 11 वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में वे आगे की पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने की तैयारी कर रहे हैं।

सुशासन तिहार के दौरान आयोजित समाधान शिविर में जब उनकी आवश्यकता को समझते हुए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई, तो नागेश की खुशी देखते ही बन रही थी। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद अब उनका स्कूल और अन्य स्थानों तक का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक सहज, सुरक्षित और आत्मनिर्भर हो गया है। अब उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास भी बढ़ा है और आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More