दुर्ग। थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में पति-पत्नी गोविंद साहू (45 वर्ष) एवं चंचल साहू (40 वर्ष) फांसी पर लटके हुए मिले। वहीं उनके पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) और पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) मृत अवस्था में घर के भीतर लेटे हुए पाए गए।
घटना स्थल का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा किया गया। मौके पर एफएसएल यूनिट की टीम भी पहुंची और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। पुलिस द्वारा सुसाइड नोट की जांच करते हुए पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। थाना मोहन नगर में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।