Home » टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक जडऩे वाली महिला बल्लेबाज और उनके आंकड़े

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक जडऩे वाली महिला बल्लेबाज और उनके आंकड़े

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। महिला टी-20 क्रिकेट में कई बल्लेबाजों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया को चौंकाया है। कुछ खिलाडिय़ों ने तो बेहद कम गेंदों में अर्धशतक जड़कर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन पारियों में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली और विरोधी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली महिला बल्लेबाजों की सूची में कई दिग्गज नाम शामिल हैं, ऐसे में आइए उनपर एक नजर डाल लेते हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना आ गईं हैं।

उन्होंने जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 15 मई, 2026 को सिर्फ 15 गेंदों का सामना कर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये खिलाड़ी 19 गेंदों में 62 रन बनाकर नाबाद रही। उनके बल्ले से 10 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 326.31 की रही। उनकी इस शानदार पारी के कारण पाकिस्तान को मैच में 133 रन से बड़ी जीत मिली। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 खिलाड़ी हैं। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की सोफी डिवाइन, ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की फीबी लिचफील्ड और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऋचा घोष ने 18-18 गेंदों पर अर्धशतक जड़े हैं। सोफी और फीबी ने भारत के खिलाफ 2015 और 2023 में ये कारनामा किया था। वहीं, ऋचा ने वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 2024 में केवल 18 गेंदों पर पचासा जड़ दिया था।

तीसरे स्थान पर पाकिस्तान की निदा डार हैं। उन्होंने 2019 में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 20 गेंदों पर पचासा लगाया था। निदा ने 37 गेंदों का सामना कर 75 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 202.70 की रही थी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 173 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे उसने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली, न्यूजीलैंड की डिवाइन और इंग्लैंड की एलिस कैप्सी ने 21-21 गेंदों पर अर्धशतक जड़े हैं। रोचक बात ये है कि ये सभी अर्धशतक आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ आए हैं। हीली और डिवाइन ने साल 2018 में ये कारनामा किया था। वहीं, कैप्सी के बल्ले से ये अर्धशतक 2023 में आया था। इन सभी मुकाबलों में आयरलैंड को हार का सामना करना पड़ा था।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More