रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत आज गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम पोखरा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी और उन्होंने अपनी समस्याएं व मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं।
खाद्य मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने शिविर का अवलोकन कर ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में कुल 335 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया।
मंत्री बघेल ने पोखरा में सर्व समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पीएम आवास, पीएम जनमन, उज्ज्वला, स्वामित्व व सूर्यघर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई भी पात्र वंचित न रहे। किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी का भी जिक्र किया।
शिविर में केसीसी कार्ड, जाल-आईस बॉक्स, आयुष्मान व वयोवृद्ध कार्ड का वितरण भी किया गया। सांसद रूपकुमारी चौधरी व विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।