Home » स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हमारे राष्ट्रगौरव : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हमारे राष्ट्रगौरव : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

by Bhupendra Sahu

रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बनाए गए वंदे मातरम् उद्यान का लोकार्पण एवं नाम पट्टिका का अनावरण किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जिस अदम्य साहस और देशभक्ति के साथ अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया, उनका त्याग और बलिदान हमारे लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। वे हमारे राष्ट्रगौरव हैं। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखना और उनके परिजनों का सम्मान करना हमारे लिए सौभाग्य का विषय है।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

बिलासपुर शहर के शिव टाकीज चौक से पुराने बस स्टैंड चौक तक विस्तारित वंदे मातरम् उद्यान में नगर के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नामों की पट्टिकाएँ स्थापित की गई हैं। नागरिकों के लिए उद्यान में टहलने एवं घूमने की सुविधा के साथ फाउंटेन, हरियाली और स्वच्छ वातावरण की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “वंदे मातरम् उद्यान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की नाम पट्टिका के माध्यम से उनकी स्मृतियों को संजोने का प्रयास किया गया है। यह केवल एक पट्टिका नहीं, बल्कि हमारे इतिहास का वह सजीव दस्तावेज है जिसे देखकर हर नागरिक गर्व महसूस करेगा। यह पहल युवाओं और आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करेगी।”

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती के अवसर पर यह विशेष आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहे हैं, जिनके बलिदानों से हमें आजादी मिली है।

बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समर्पित यह देश का पहला उद्यान है, जो स्थानीय वीरों को सम्मान देने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More