रायपुर। सावन सोमवार एवं एकादशी एक ही तिथि में होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। शहर के अनेक स्थानों से महिला पुुरुष तथा युवा कावंड़ यात्रा में निकले तथा शिवालयों में जलाभिषेक किया। आज सावन सोमवार भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। ऐतिहासिक मंदिर हटकेश्वर, बूढ़ेश्वर, नरहेश्वर तथा सरोना में भगवान का दर्शन करने वालों की अपार भीड़ देखी गई।
द्वितीय सावन सोमवार एवं कामिका एकादशी होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। एकादशी भगवान विष्णु और जगत के पालनहार श्री हरि की साधना का दिन है इस दिन भक्तों द्वारा एकादशी का व्रत किया जाता है हिंदू मान्यता के अनुसार किसी देवता के लिए समर्पित तिथि दिन अथवा तीज त्योहार पर विशेष आराधना विशेष सुखों की प्राप्ति होती है। सावन सोमवार में भक्तों द्वारा शिवालयों में पहुंचकर विशेष पूजन अर्चन कर सभी के सुखों की कामना की गई।
इधर कांवड़ यात्रियों द्वारा महादेव घाट राजिम एवं सोमनाथ में जल चढ़ाने के लिए कांवरियों की भीड़ सड़कों पर देखी गई। जतमई घटारानी कुलेश्वर महादेव, फिंगेश्वर, भूतेश्वरनाथ, पाटन तुलसी ग्राम आदि स्थानों पर भक्तों द्वारा सुबह से ही लंबी कतार लगाकर भोलेनाथ की दर्शन के लिए भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं द्वारा बोल बम के जयघोष के साथ ही भोलेनाथ का दर्शन किये गये।