रायपुर । राजधानी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई। रायपुर के शारदा चौंक स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते मुख्य वक्ता जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने बताया कि भारत माता के इस वीर पुत्र का जन्म 6 जुलाई 1901 को एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। इनके पिता सर आशुतोष मुखर्जी बंगाल में एक शिक्षाविद् और बुद्धिजीवी के रूप में प्रसिद्ध थे। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक होने के पश्चात डॉ मुखर्जी 1923 में सेनेट के सदस्य बने। अपने पिता की मृत्यु के पश्चात 1924 में उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया। 1926 में उन्होंने इंग्लैंड के लिए प्रस्थान किया जहां लिंकन्स इन कॉलेज से 1927 में बैरिस्टर की परीक्षा उत्तीर्ण की।