अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाए हुए है। रिलीज के करीब महीनेभर बाद भी इसका जलवा बरकरार है। अब इस फिल्म का रिलोडिड वर्जन सिनेमाघरों में आ रहा है। दर्शकों को कुछ अतिरिक्त फुटेज के साथ इस फिल्म को देखने का मौका मिलेगा। बता दें कि दिसंबर में क्रिसमस से पहले मेकर्स ने फिल्म में कुछ और एपिसोड जोडऩे का एलान किया था। इसके बाद फिल्म की अवधि बढ़ जाएगी। जोड़ी गई फुटेज के साथ फिल्म इसी महीने से सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। तारीख जान लेते हैं।
मैत्री मूवीज मेकर्स के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया गया है। इसमें बताया गया कि फिल्म का रिलोडिड वर्जन 11 जनवरी 2025 से सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। नए एपिसोड जोडऩे से फिल्म की अवधि करीब 20 मिनट और बढ़ जाएगी। अब इसका टोटल रनटाइम होगा 3 घंटे 40 मिनट।
फिल्म पुष्पा 2 05 दिसंबर 2024 को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज हुई। कमाई के मामले में यह पहले दिन से रिकॉर्ड तोड़ रही है। रिलीज के 34 दिन इसने शानदार अंदाज में पूरे किए हैं। कल मंगलवार को फिल्म ने ढाई करोड़ रुपये की कमाई घरेलू बॉक्स ऑफिस पर की। अब तक इसका नेट कलेक्शन 1,210.95 करोड़ रुपये हो चुका है।
देश में ही नहीं, बल्कि विदेश में पुष्पा 2 का भी खूब डंका बज रहा है। दुनियाभर में इस फिल्म ने 1,831 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है।
इस फिल्म का बजट 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
पुष्पा 2 के निर्देशक सुकुमार हैं। उन्होंने साल 2021 में इस फिल्म का पहला भाग पुष्पा: द राइज बनाया था, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर था। फहद फासिल भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं।
कहानी की बात करें तो पहले भाग में एक आम दिहाड़ी मजदूर रहा पुष्पा राज (अल्लू अर्जुन) चंदन का तस्कर बन चुका है। वह अपने इलाके के लोगों की भलाई के लिए सबकुछ करता है और उनके दिलों का राजा बन जाता है।
मेकर्स इस फैसले के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि पुष्पा 2 जल्द ही आमिर खान की ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म दंगल, जिसने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 2070.3 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, को पीछे छोड़ सकती है.
००
