नई दिल्ली । टाटा समूह की विमानन कंपनी एअर इंडिया इस साल पायलट समेत 5,100 लोगों को भर्ती करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को कहा, कुल भर्तियों में पायलट की संख्या 900 होगी। वहीं, 4,200 केबिन क्रू को भी नौकरी दी जाएगी। कंपनी ने कहा, मई, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच उसने 1,900 केबिन क्रू की भर्ती की थी। कंपनी ने हाल में 470 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया है। वह आगे भी बड़ी संख्या में भर्ती करेगी।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटा
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 17 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 5.681 अरब डॉलर घटकर 11 माह के निचले स्तर 561.26 अरब डॉलर पर आ गया। यह विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट है। इससे पिछले सप्ताह में यह 8.319 अरब डॉलर कम होकर 566.948 अरब डॉलर रह गया था। आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रखने वाली विदेशी मुद्रा संपत्ति 17 फरवरी वाले सप्ताह में 4.515 अरब डॉलर घटकर 496.072 अरब डॉलर रह गई। इस दौरान देश का स्वर्ण भंडार 1.045 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 41.817 अरब डॉलर रह गया। विशेष निकासी अधिकार भी 8.7 करोड़ डॉलर घटा है।
