सिलहट (बांग्लादेश) । श्रीलंका पर जीत से अपने अभियान की जीत से शुरुआत करने वाली भारतीय टीम महिला एशिया कप के अपने दूसरे मैच में सोमवार को अपेक्षाकृत कम अनुभवी मलयेशिया के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के लिए उतरेगी जिसमें सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेगी। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को यह मैच नेट अभ्यास की तरह लेना चाहिए क्योंकि मलयेशिया की टीम को पहले मैच में पाकिस्तान ने नौ विकेट से करारी शिकस्त दी थी।
जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार पारी से भारत ने पहले मैच में श्रीलंका पर आसान जीत दर्ज की थी और अब टीम की निगाह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले टी-20 विश्वकप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए मैच अभ्यास हासिल करने पर होगी।
पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहीं शेफाली इस मैच से फॉर्म में वापसी करने की कोशिश करेगी। इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल मार्च से टी-20 में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दो अच्छी पारियां खेली थी।
इसके बाद इंग्लैंड दौरे में उनका बल्ला नहीं चल पाया था जहां वह चार पारियों में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाई थी। इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन साल हो गए हैं लेकिन उनके खेल में निरंतरता का अभाव है। उनका फुटवर्क अच्छा नहीं है और इंग्लैंड के गेंदबाजों ने उनकी इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाया था। मलयेशिया की गेंदबाजी कमजोर है और शेफाली अपना खोया आत्मविश्वास हासिल करने के लिए इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी।