रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के पांचवें दिन प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुमेरपुर में ग्रामीणों से रुबरु हुए। उन्होंने राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन के बारे में लोगों से फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री को ग्रामीणों ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना और नरवा गरवा घुरवा बारी कार्यक्रम से हो रहे लाभों के बारे में बताया और इन योजनाओं के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बताया की गोबर से अब पेंट भी बनाया जाएगा। इससे बिजली उत्पादन भी किया जाएगा। स्वसहायता समूहों की महिलाएं बिजली बनाएंगे और इसे बेचकर पैसा भी कमाएंगी। उन्होंने बताया कि सरकार अब गोबर के साथ गोमूत्र भी खरीदेगी।इस अवसर पर विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खेल साय सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. एस . भारतीदासन भी उपस्थित थे ।
भेंट-मुलाकात के दौरान स्कूल में शिक्षक नहीं आने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को इसकी जांच के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2016-17 में ग्राम पंचायत को शौचालय निर्माण की राशि का अब तक का भुगतान नहीं होने के संबंध में शिकायत की जांच के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सुमेरपुर में पीडीएस राशन दुकान, आंगनबाड़ी केन्द्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से बरगद और पीपल पेड़ के नीचे भेंट-मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना सहित गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने चौपाल के पूर्व उप सरपंच श्री हरिप्रसाद साहू के घर भोजन ग्रहण किया। उन्होंने सादगी पूर्ण बनाए गए भोजन विशेषकर लाल भाजी की तारीफ की। भोजन में उन्होंने मुनगा बड़ी, मूंग हलवा, कढ़ी भी बहुत रूचि से ग्रहण की।