Home » इमरान और बी प्राक के साथ काम करना सपना सच होने जैसा: सहर बाम्बा

इमरान और बी प्राक के साथ काम करना सपना सच होने जैसा: सहर बाम्बा

by Bhupendra Sahu

इमरान हाशमी पर फिल्माए गए गानें अक्सर दर्शकों की कसौटी पर खरे उतरते हैं। अब फिर इमरान अपना नया म्यूजिक वीडियो दर्शकों के बीच ला रहे हैं। गाने को लेकर दर्शक इसलिए भी उत्साहित हैं, क्योंकि इसके सिंगर तेरी मिट्टी और फिलहाल जैसे सुपरहिट गाने गा चुके बी प्राक हैं। अब इसमें इमरान की जोड़ीदार भी उन्हें मिल गई है। उनके साथ म्यूजिक वीडियो में अभिनेत्री सहर बाम्बा नजर आएंगी। इमरान अपने नए म्यूजिक वीडियो में सहर बाम्बा के साथ इश्क फरमाते दिखेंगे। दोनों ने पहली बार एक-दूसरे से हाथ मिलाए हैं। इमरान को उम्मीद है कि सहर के साथ उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आएगी। सहर ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा, इमरान और बी प्राक के साथ काम करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा था। आपको बता नहीं सकती कि मैं इस गाने को लेकर कितनी उत्साहित हूं।

सहर ने आगे कहा, मैं सातवें आसमान पर थी, जब मुझे इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव मिला था। मैं बी प्राक के म्यूजिक की बहुत बड़ी फैन रही हूं। मैं नॉनस्टॉप उनके गाने सुना करती थी। उन्होंने कहा, जब मुझे पता चला कि बी प्राक के म्यूजिक वीडियो के लिए मुझसे संपर्क किया गया है और इसमें मेरी जोड़ी इमरान हाशमी के साथ बन रही है, मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था। दोनों के साथ काम करना एक मजेदार अनुभव रहा।

बात करें सहर बाम्बा की तो वह एक मॉडल और अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत सनी देओल के बेटे करण देओल के साथ की थी। दोनों ने 2019 में फिल्म पल पल दिल के पास से बॉलीवुड में आगाज किया था। इमरान ने एक इंटरव्यू में कहा था, करीब तीन साल पहले जब मैं अपनी कार में सफर कर रहा था, तब मैंने बी प्राक का गाना मन भरेया सुना था। मुझे इस गाने से प्यार हो गया था। जब मुझे उनके नए गाने के बारे में बताया गया तो मैंने तुरंत हां कह दिया। बी प्राक ने कहा, मैं हमेशा से ही इमरान के साथ गाना करना चाहता था, क्योंकि वह एक हिट मशीन और रोमांटिक म्यूजिक के किंग हैं।

इससे पहले इमरान को सिंगर जुबिन नौटियाल के म्यूजिक वीडियो लुट गए में देखा गया था, जो सुपर-डुपरहिट हुआ था। इमरान ने ट्विटर पर लिखा था, लुट गए 2021 में यूट्यूब इंडिया पर नंबर वन देखा जाने वाला म्यूजिक वीडियो बन गया है। 1 अरब से भी अधिक लोगों ने इसे देखा है। यह गाना 17 फरवरी, 2021 को टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया था। इसमें इमरान अभिनेत्री युक्ति थरेजा के साथ नजर आए थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More