रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए तथा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार यह जानने के लिए गांवों तक पहुंच रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनते ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए तथा अब तक 26 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और दो वर्षों का बकाया बोनस भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों के लिए कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा – सरकार गांव-गांव पहुंचकर सुन रही जनता की बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं 45-47 डिग्री तापमान में गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी और जनहित में कार्य करने वाली सरकार है।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाओं से प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में जहां पहले हिंसा का माहौल था, वहां अब खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित हो रही हैं।