Home » लुसाने डायमंड लीग 2024: दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, इस सीजन अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका

लुसाने डायमंड लीग 2024: दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा, इस सीजन अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा लुसाने डायमंड लीग 2024 के पुरुषों की स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे।हाल ही में पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतने वाले नीरज ने अंतिम दौर में 89.49 मीटर दूर थ्रो फेंका। यह इस सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.61 मीटर के अपने अंतिम प्रयास के साथ पहले स्थान पर रहे। इस खिलाड़ी ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।
टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नीरज ने अब तक 20 टूर्नामेंट खेले हैं। इन सभी टूर्नामेंट में यह खिलाड़ी शीर्ष-2 में रहा है।मुकाबले की बात करें तो पहले 4 थ्रो में नीरज 85 मीटर दूर तक भी नहीं पहुंच सके थे।उनका पहला थ्रो 82.10 मीटर, दूसरा 83.21 मीटर, तीसरा 83.31 मीटर, चौथा 82.34 मीटर का रहा था। उन्होंने अपने 5वें थ्रो में 85.58 मीटर दूर भाला फेंका। उनका आखिरी थ्रो 89.49 मीटर का रहा।
अब नीरज अगले महीने ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में खेलेंगे और उनका लक्ष्य 2022 में जीती गई ट्रॉफी को फिर से हासिल करना होगा। पाकिस्तान के अरशद नदीम इन खेलों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
सितंबर 2022 में नीरज ने डायमंड लीग का खिताब जीतकर नया इतिहास लिख दिया था। उन्होंने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था।हर प्रतियोगिता के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले नीरज डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे।चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।
नीरज ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पाकिस्तान के अरशद ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ जीता था।इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज अपने स्वर्ण का बचाव नहीं कर सके।अरशद ने नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्डसन का ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 2008 बीजिंग में 90.57 मीटर की दूरी तय की थी।
नीरज ओलंपिक खेलों में भारत के लिए 2 पदक (व्यक्तिगत स्पर्धा में) जीतने वाले सिर्फ 5वें खिलाड़ी बने थे।एथलेटिक्स में उनसे पहले नॉर्मन प्रिचर्ड 2 रजत (पुरुषों की 200 मीटर और पुरुषों की 200 मीटर बाधा दौड़) जीत चुके हैं।कुश्ती में सुशील कुमार 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीत चुके हैं। बैडमिंटन में पीवी सिंधु 1 रजत और 1 कांस्य अपने नाम कर चुकी है, जबकि निशानेबाजी में मनु भाकर ने 2 कांस्य पदक जीते हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More