मुंबई । मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2024 का 55वां मुकाबला खेला गया। इस मैच को मुंबई इंडियंस की टीम ने अपने नाम किया और प्लेऑफ में जाने के लिए अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। उन्होंने इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की जीत में सूर्यकुमार यादव का रोल सबसे ज्यादा अहम रहा। सूर्या ने इस मुकाबले में शानदार शतक जड़ा और काफी लंबे समय के बाद वह फॉर्म में नजर आए। सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा कि मैं बहुत लंबे समय के बाद ऐसा कर रहा हूं। यह 14 दिसंबर के बाद पहली बार है जब मैंने 20 ओवर तक फील्डिंग किया और 18 ओवर तक बल्लेबाजी की। मैं हालांकि ठीक हूं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मेरे लिए इस तरह की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाना समय की मांग थी। तीन विकेट गिर चुके थे और मुझे अंत तक खेलना था।