Home » कश्मीरियों को पीएम मोदी से शांति व समृद्धि के उपहार की उम्मीद

कश्मीरियों को पीएम मोदी से शांति व समृद्धि के उपहार की उम्मीद

by Bhupendra Sahu

श्रीनगर । कश्मीर घाटी के लोग गुरुवार को यहां पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शांति व समृद्धि के उपहार की उम्मीद कर रहे हैं। दूर-दूर से लोग श्रीनगर पहुंच रहे हैं। सुबह की ठंड के बावजूद दिन की पहली किरण के साथ ही लोगों के यहां आने से शहर जीवंत हो उठा है। प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए उरी, बारामूला, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, लोलाब, तंगमर्ग, बांदीपोरा, कंगन, गांदरबल, कोकरनाग, अचबल, पहलगाम, खानसाहिब, बीरवाह, चदूरा, अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा और दो दर्जन से अधिक अन्य स्थानों से लोग बसों और निजी वाहनों से यहां पहुंच रहे हैं।
यातायात विभाग और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रधानमंत्री मोदी के सभा स्थल बख्शी स्टेडियम तक लोगों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एडवाइजरी जारी की है। बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें रैली में 2 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। बारामूला जिले के रफियाबाद इलाके से आए 41 साल के नजीर अहमद कश्मीर में अनिश्चितता और अराजकता को समाप्त करने वाले पीएम मोदी को देखने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा,मेरे बच्चे पत्थरबाजों के डर के बिना स्कूल जाते हैं। मैं अपने सेब के बगीचे में सामान्य रूप से काम करता हूं। मेरी पत्नी मेरे और बच्चों के सुरक्षित घर लौटने के डर के बिना घर का काम करती है, यह प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा ही संभव हुआ, जिन्हें मैं आज देखने और सुनने आया हूं।
व्यवसायी, शिक्षाविद, ट्रांसपोर्टर, हाउसबोट मालिक, शिकारावाले, किसान, बागवान, सरकारी कर्मचारी, छोटी औद्योगिक इकाई के उद्यमी और होटल व्यवसायी, हर कोई प्रधानमंत्री से उपहार की उम्मीद कर रहा है। श्रीनगर शहर में खुदरा दुकान चलाने वाले 47 वर्षीय सज्जाद अहमद ने कहा, हम उम्मीद कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी हमें बेहतर जीवन जीने में मदद करेंगे, कश्मीर को उनसे बड़ी उम्मीद है। प्रधान मंत्री की सभा में भाग लेने पहुंचे अधिकांश लोगों को उम्मीद है कि वे कुछ अच्छी खबर लेकर घर लौटेंगे।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More