Home » उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बिलासपुर में ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ का किया शुभारंभ

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बिलासपुर में ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ का किया शुभारंभ

by Bhupendra Sahu
  • विकसित भारत बनाने लोगों को दिलाया संकल्प

रायपुर । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीसी के जरिए छत्तीसगढ़ सहित अन्य 5 राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सहित 4 शहरी क्षेत्रों और 17 ग्रामीणों क्षेत्रों से लोग सीधे इस कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मोदी की गांरटी वाली गाड़ी देश के कोने-कोने में पहुंच रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने कहा कि जनता के आशीर्वाद और सहयोग से हम मोदी की गारंटी को छत्तीसगढ़ में पूरा करेंगें।

उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने बिलासपुर के मुंगेली नाका मैदान में आज विकसित भारत संकल्प यात्रा का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्री साव ने यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से इसकी शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 10 साल से मोदी की सरकार देश सेवा में लगी हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश का सम्मान और ताकत बढ़ा है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की जटिल समस्याओं के समाधान के लिए पूरा विश्व आज भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देखता है। आम व्यक्ति के जीवन में शासकीय येाजनाओं के माध्यम से कैसे परिवर्तन किया जा सकता है, इसे मोदी ने कर दिखाया है। मोदी ने धुंआरहित वातावरण में खाना पकाने के लिए उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेण्डर प्रदान किए। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री ने कई योजनाएं चलाई। इन सबका असर अब गांव, घर में दिख रहा है। लोग आश्वस्त हैं कि सरकार उनके साथ है। विकसित भारत संकल्प यात्रा कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह एक जन अभियान है। जिले के हर गांव एवं घर तक इसका संदेश जायेगा। लोगों को केन्द्रीय योजनाओं की जानकारी एवं उनके लाभ उठाने के तरीके बतायेगा। उन्होंने सभी लोगों को इस महत्वाकांक्षी अभियान से जुड़कर लाभ उठाने का आग्रह किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नई सरकार ने काम-काज संभाल लिया है। कैबिनेट की पहली ही बैठक में हमने 18 लाख आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने का नीतिगत निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पहली गारण्टी बताया था। पिछले पांच साल से आवास से वंचित गरीब परिवारों को अब अच्छा और पक्का मकान मिलेगा और उनका बरसों से संजोया हुआ सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की हर गारण्टी को पूरा करने के लिए नई सरकार वचनबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में और बुलंदी के साथ छत्तीसगढ़ की आवाज देश में गूंजेगी। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में अपना योगदान प्रदान करने के लिए लोगों को संकल्प दिलाया। मुख्य अतिथि श्री साव ने स्वच्छता पखवाड़ा, समाज सेवा एवं खेलकूद में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर पालिक निगम की ओर से दर्जन भर लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और शिविर में लगे सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर पौधा भी रोपित किया।

बिलासपुर के कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने कार्यक्रम में बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत बिलासपुर निगम क्षेत्र में 26 और ग्रामीण क्षेत्रों में 483 शिविर लगाए जाएंगे। इस अवसर पर केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई। अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले लगभग 10 साल की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में इस संभागायुक्त श्री के.डी. कुंजाम, आईजी श्री अजय यादव, एसपी श्री संतोष सिंह, नगर निगम के आयुक्त श्री कुणाल दुदावत, पूर्व सांसद श्री लखन लाल साहू और श्री भूपेन्द्र सवन्नी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More