रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के तत्वाधान में आयोजित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिता आज सम्पन्न हुई। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग ओवरऑल चैम्पियन बना। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी 3 से 6 अक्टूबर तक देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिता में शामिल होंगे। राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन ठाकुर प्यारेलाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान निमोरा रायपुर में और बौद्धिक प्रतियोगिता का आयोजन प्रयास आवासीय विद्यालय, सडडू रायपुर में हुआ।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग ने बाजी मारी। सरगुजा संभाग समूहगान, समूह नृत्य, चित्रकारी, रंगमंच में प्रथम रहने के साथ-साथ शिक्षक वर्ग की संगीत प्रतियोगिता-वोकल क्लासिक, वोकल सेमीक्लासिक एवं लोकगीत में भी प्रथम स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर मध्यक्षेत्र एवं तीसरे स्थान पर बस्तर संभाग रहा। साहित्यिक प्रतियोगिता में बिलासपुर मध्यक्षेत्र अधिकतर साहित्यिक विधाओं में प्रथम रहा, जबकि सरगुजा संभाग ने दूसरा और बस्तर संभाग ने तीसरे स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति मंत्री श्री मोहन मरकाम, सचिव श्री डी.डी. सिंह और आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में समूह गान, समूह नृत्य, जनजातीय वाद्ययंत्र बजाना, अर्द्धशास्त्रीय एकल गीत, चित्रकारी, रंगमंच एवं शिक्षकों का संगीत कार्यक्रम हुआ। साहित्यिक प्रतियोगिता में भाषण, एक्सटेम्पोर, वाद-विवाद, कहानी सुनाना, रचनात्मक लेखन, संस्कृत श्लोक, हिन्दी काव्य पाठ, अंग्रेजी कविता, अंग्रेजी प्रश्नोत्तरी, अंग्रेजी स्पेल बी जैसी कुल 10 साहित्यिक विधाओं में प्रतियोगिता आयोजित की गई।