कोलकाता । पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हुए आज मतदान के दौरान विभिन्न स्थानों से बड़े पैमाने पर हिंसा हुई और 16 लोगों की मौत की खबर है। वहीं पंचायत चुनावों के लिए मतदान होने के बीच राज्यपाल सीवी आनंद बोस स्थिति का जायजा लेने के अपने आश्वासन के तहत आज उत्तर 24 परगना के बारासात-1 उपमंडल में बम हमले में घायल एक व्यक्ति के घर गए। पीरगाछा में पीडि़त के परिवार से बात करने के बाद बोस बारासात में उस अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज हो रहा है।
उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों से बात की। इसके बाद राज्यपाल ने उस व्यक्ति को शहर के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेजने की व्यवस्था की। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मतदान के बारे में जानकारी ली। बोस नदिया जिला जाने वाले थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थकों ने उन्हें कल्याणी एक्सप्रेसवे पर बसुदेवपुर के निकट रोक दिया और चुनावी धांधली होने की उनसे शिकायत की तथा कार्रवाई करने का अनुरोध किया।इस हिंसा की खबरों के बीच राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने आज कहा कि चुनाव गोलियों से नहीं बल्कि मतपत्रों से होने चाहिए और कहा कि इस दिन को लोकतंत्र के लिए सबसे पवित्र माना जाना चाहिए। राज्य के अलग-अलग जिलों से हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं।राज्यपाल ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैं सुबह से ही मैदान में हूं… लोगों ने मुझसे अनुरोध किया और मेरे काफिले को रास्ते में रोक दिया। उन्होंने मुझे अपने आसपास हो रही हत्याओं के बारे में बताया, गुंडों द्वारा उन्हें मतदान केंद्रों पर नहीं जाने देने के बारे में बताया…इससे हम सभी को चिंता होनी चाहिए। यह लोकतंत्र के लिए सबसे पवित्र दिन है…। चुनाव गोलियों से नहीं बल्कि मतपत्रों से होना चाहिए।
00