Home » मानसून की एंट्री से खिले चेहरे, पंजाब में कल हो सकती है झमाझम बारिश

मानसून की एंट्री से खिले चेहरे, पंजाब में कल हो सकती है झमाझम बारिश

by Bhupendra Sahu

हैदराबाद । अगर आप गर्मी से त्रस्त हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। ये खबर मानसून को लेकर है। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री हो गई है। इस बार मानसून सात दिन की देरी से मंडला के रास्ते पहुंचा है। दो दिन में इसके राजधानी भोपाल पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को ही मानसून मुंबई भी पहुंच सकता है। सुबह मुंबई में बारिश हुई। इसी प्रकार दक्षिण-पश्चिम मानसून शनिवार को पूरे तेलंगाना में पहुंच गया और इसके सक्रिय होने के चलते अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना के कोमरमभीम आसिफाबाद, मंचेरियल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, वारंगल और हनमकोंडा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। यहां दैनिक मौसम रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले 72 घंटों में राज्य के कुछ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी आने का अनुमान है।

इसके साथ ही 24 से 28 जून तक तेलंगाना में कई स्थानों, कुछ स्थानों और अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। इसी प्रकार के पंजाब के कई शहरों में 25 और 26 जून को बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। अगले 48 घंटों में मानसून चंडीगढ़ और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में दस्तक दे देगा।

मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी दिल्ली में आज से बारिश का सिलसिला जारी हो सकता है। 29 जून तक नई दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। वहीं 25 और 26 जून को नई दिल्ली में भारी बारिश देखने को मिलेगी। नयी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। हालांकि लगातार कुछ दिन बारिश के बाद अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More