Home » विश्व चैंपियनशिप के शीर्ष-16 में पहुंचे हुसामुद्दीन, नवीन

विश्व चैंपियनशिप के शीर्ष-16 में पहुंचे हुसामुद्दीन, नवीन

by Bhupendra Sahu

ताशकंद । एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन और नवीन कुमार ने शुक्रवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर आईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2023 के प्री-चर्टर फाइनल में जगह बना ली। हुसामुद्दीन (57 किग्रा) ने अंतिम-16 में जगह बनाने के लिए चीन के ल्यू पिंग को 5-0 से मात दी। नवीन ने 92 किग्रा के शीर्ष-32 मुकाबले में दक्षिण कोरिया के ली संगमिन को 5-0 से परास्त किया।

हुसामुद्दीन ने पहले राउंड में मुक्कों की बरसात के साथ गति हासिल की और फिर बेहतर रणनीति से उसे बनाए रखा। भारत के इस खब्बू मुक्केबाज ने पहला राउंड एकतरफा अंदाज में जीतने के बाद अगले राउंड में बढ़त बनाई और ल्यू के मुक्कों को चकमा देते हुए उन पर जबरदस्त प्रहार किया। चीनी मुक्केबाज हुसामुद्दीन की गति और तीव्रता का मुकाबला नहीं कर सके और अंतत: बाउट एकतरफा अंदाज में हार गए। प्री-चर्टर फाइनल मुकाबले में हुसामुद्दीन का सामना रविवार को रूस के सविन एडुअर्ड से होगा।
दूसरी ओर, हरियाणा के चरखी दादरी के रहने वाले नवीन ने कोरियाई मुक्केबाज के सामने अपनी लंबी पहुंच का फायदा उठाते हुए तीनों राउंड में सभी जजों को प्रभावित किया और 5-0 के एकतरफा अंतर से जीत दर्ज की। वह प्री-चर्टर फाइनल में विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता स्पेन के एमैनुएल रेयेस से भिड़ेंगे।
इसी बीच, एशियाई खेलों में रजत पदक जीत चुके आशीष अंतिम-32 दौर के बाउट में दो बार के ओलंपिक चैंपियन क्यूबा के अर्लेन लोपेज़ से 2-5 से हार गए।
दो अन्य भारतीय मुक्केबाज शनिवार को अंतिम-32 मुकाबले में भिड़ेंगे। आकाश (67 किग्रा) का सामना चीन के फू मिंगके से जबकि निशांत देव (71 किग्रा) का सामना कोरिया के ली संगमिन से होगा।
इस वैश्विक टूर्नामेंट में 107 देशों के 538 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट में कई ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाजों की भागीदारी देखी जा रही है।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More