नयी दिल्ली । इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) ने आज आईपीपीबी ग्राहकों के लिए व्हाट्सएप बैंकिंग सेवा शुरू करने का ऐलान किया, जिससे वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ज्यादा सुगमता से बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे। आईपीपीबी ने दूरसंचार सेवायें प्रदान करने वाली कंपनी एयरटेल के साथ मिलकर यह सेवा शुरू की है। इस नई व्यवस्था में व्हाट्सएप मैसेजिंग समाधान एयरटेल आईक्यू के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा। ये आईक्यू यानि क्लाउड संचार प्लेटफॉर्म एक सेवा के रूप में काम करेगा, जो ब्रांड को अपने ग्राहकों के साथ आवाज, एसएमएस और व्हाट्सएप चैनलों से जुडऩे में सक्षम बनाता है। एयरटेल दुनिया की पहली टेलीकॉम कंपनी है जो व्हाट्सऐप के लिए बिजनेस सर्विस प्रोवाइडर (बीएसपी) के तौर पर काम करती है।
एयरटेल आईपीपीबी ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर बैंक के साथ निर्बाध रूप से जुडऩे में सक्षम करेगा। इससे ग्राहक न केवल कई बैंकिंग सेवाओं का सहजता से लाभ उठा पाएंगे बल्कि द्वार पर सेवा अनुरोध के साथ साथ निकटतम डाकघर का पता लगाने जैसी तमाम सेवाओं का भी फायदा ले पाएंगे।
भारत के नागरिकों को उनकी भाषा में डिजिटल और वित्तीय समावेशन लाने की सरकार की महत्वाकांक्षा के अनुरूप, एयरटेल – आईपीपीबी व्हाट्सऐप बैंकिंग समाधान भी बहु-भाषा समर्थित समाधान देने की दिशा में प्रयासरत है और आगे काम कर रहे हैं। ये प्रयास विशेष रूप से भारत के ग्रामीण भागों में रह रहे उन बैंकिंग ग्राहकों के लिए फायदेमंद होंगे जो अपनी पसंदीदा भाषाओं में बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करना चाहते हैं।
एयरटेल आईपीपीबी के साथ बैंक के ऐसे ग्राहकों को प्रति माह 25 करोड़ संदेश देने के लिए काम कर रहा है, जिनमें से कई ग्रामीण कस्बों और टियर 2,3 शहरों में स्थित हैं। व्हाट्सऐप मैसेजिंग से सीधे ग्राहकों की उंगलियों पर बैंक से जुडऩे की सुविधा बढ़ेगी। इससे भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन को भी आगे बढ़ाया जाएगा। आईपीपीबी लंबे समय से डिजिटल इंडिया मिशन के हिस्से के रूप में देश के ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सेवाएं देने के लिए अथक प्रयास कर रहा है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सीजीएम और सीएसएमओ गुरशरण राय बंसल ने कहा, हमें भारत में डिजिटल और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए भारती एयरटेल के साथ काम करने की खुशी है। हमारा मानना है कि प्रौद्योगिकी द्वारा संचालित वित्तीय सेवाओं में काफी संभावनाएं हैं और यह सुनिश्चित करने में एक लंबा रास्ता तय कर सकता है कि सर्वोत्तम वित्तीय उत्पाद देश के सबसे दूर के कोने तक पहुंचें।