नई दिल्ली । अमेरिकी शॉर्ट सेलिंग फर्म ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की ओर से अदाणी समूह की कंपनियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के लिए हामी भर दी है। कोर्ट ने इसके लिए 17 फरवरी की तारीख मुकर्रर की है। कांग्रेस नेता की याचिका में शीर्ष अदालत के किसी मौजूदा न्यायाधीश की देखरेख में जांच कराने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेता जया ठाकुर की ओर से दायर याचिका में सुप्रीम कोर्ट से मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की गई थी। इस पर विचार के बाद चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की पीठ ने याचिका पर सुनवाई के लिए तारीख तय कर दी।
गौरतलब है कि पीठ ने शुरुआत में याचिका पर सुनवाई के लिए 24 फरवरी की तारीख दी थी। हालांकि, बाद में जब वकील ने कहा कि 17 फरवरी को दो अन्य जनहित याचिका सूचीबद्ध हैं, तो न्यायालय ने इसे भी 17 फरवरी के लिए सूचीबद्ध कर दिया।