नई दिल्ली । बेंगलुरु में येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एशिया के सबसे बड़े एयरो शो – एयरो इंडिया 2023 के 14 वें संस्करण का उद्घाटन के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने व्यापार अनुकूल वातावरण और लागत-प्रतिस्पर्धात्मकता के कारण एक आशाजनक विनिर्माण गंतव्य बन गया है। हमारे प्रधान मंत्री की दृष्टि और दृढ़ संकल्प के कारण भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह अगले 4-5 वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। इस साल भारत की जी-20 अध्यक्षता भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के बढ़ते कद का प्रतिबिंब है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एयरो- शो में भारत अपनी ताकत को पूरी दुनिया को दिखाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय रक्षा क्षेत्र की विकास गाथा पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पिछले कुछ वर्षों में एक लंबा सफर तय कर चुका है और पूरे जोश और समर्पण के साथ राष्ट्र को सशक्त बनाने की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एयरो इंडिया को उन स्तंभों में से एक बताया, जिसने रक्षा क्षेत्र को मजबूत किया है और इसे एक नई पहचान दी है।राजनाथ सिंह ने एयरो इंडिया के इस 14वें संस्करण में भाग लेने वाले कई देशों के रक्षा मंत्रियों, सेवा प्रमुखों, सीईओ, अधिकारियों और प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
उन्होंने इस तथ्य की सराहना की कि पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भारत और विदेश के 800 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने भारी भागीदारी को भारत की उभरती व्यावसायिक क्षमता में घरेलू और वैश्विक व्यापार समुदाय के एक नए विश्वास का प्रमाण बताया। उन्होंने प्रतिभागियों से रक्षा विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में भारत की यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की भी सराहना की। उन्होंने कर्नाटक को औद्योगीकरण में अग्रणी और भारत के आर्थिक विकास में योगदान देने वाले सबसे प्रमुख राज्यों में से एक बताया।